नर्मदा में टकराई दो नाव, एक मजदूर डूबा

भैरूंदा 20 अगस्त. जिले के भैरुंदा थानांतर्गत ग्राम दिमावर में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. नर्मदा नदी में रेत भराई का काम कर रही दो नावें आपस में टकरा गईं. इस टक्कर में बिहार निवासी 50 वर्षीय मजदूर नंद जी घायल हो गए और गहरे पानी में डूब गए. हादसे के दौरान नाव में चार मजदूर सवार थे. जैसे ही नाव डूबने लगी, तीन मजदूर तुरंत छलांग लगाकर नदी में कूदे और तैरते हुए किनारे पहुंच गए, लेकिन नंद जी नाव से टकराने के कारण गंभीर रूप से चोटिल हो गए और तैरकर बाहर नहीं निकल पाए. सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची.

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम डिमावर में नर्मदा नदी से रेत भराई का काम कर रही दो नावों में टक्कर हो गई. सूत्रों की मानें तो इस दौरान एक नाव के इंजन के पंखे की चपेट में मजदूर नंदजी आ गया और नदी में गिर गया. अन्य तीन मजदूर तो किनारे पर आ गए, लेकिन नंदजी डूब गया. सूचना मिलने पर एसडीएम, थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. कुछ ही देर में सीहोर से एसडीआरएफ की विशेष टीम भी पहुंची और सर्च अभियान संभाल लिया.काफी मशक्कत के बाद भी नंद जी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार नदी में सर्चिंग कर रही हैं. स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर डटे हैं और बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। हादसे के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है. समाचार लिखे जाने तक मजदूर का सुराग नहीं मिल सका था.

इस घटना ने नदी में हो रहे अवैध रेत खनन और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है. यहां मौजूद सभी मजदूर बिना किसी सेफ्टी उपकरण के गहरे पानी में उतरकर काम कर रहे थे. हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मजदूर की तलाश में रेस्क्यू जारी है.

एक दिन पहले पकड़ी थी सात पनडुब्बी

नर्मदा नदी से रेत के अवैध दोहन को लेकर खनिज विभाग गाहे बगाहे कार्रवाई करता है और उसे सफलता भी मिल जाती है. मंगलवार को सुबह 5 बजे से संयुक्त टीम द्वारा जिले की भेरूंदा तहसील क्षेत्र में छीपानेर, चोरसा खेड़ी में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 7 पनडुब्बी द्वारा रेत का अवैध खनन करते पाये जाने पर जप्ती की कार्यवाही की गई तथा पनडुब्बियों को थाना गोपालपुर में भेजा गया है.

Next Post

बटियागढ़ पुलिस की कार्रवाई,9 आरोपियों को दबोचा

Wed Aug 20 , 2025
बटियागढ़/दमोह.बटियागढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.भैंस चोरी की तीन बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 9 आरोपियों को दबोचा है. चोरी हुई भैंसों के साथ-साथ पिकअप वाहन और नगद राशि भी पुलिस ने बरामद की है. बटियागढ़ थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं में शामिल 9 […]

You May Like