हमारी संस्कृति के साथ बने नई सोच का नया भारत

इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ राकेश सिंघई ने कहा है कि नई सोच का नया भारत बनाना जरूरी है लेकिन उसमें सबसे ज्यादा जरूरी है कि हमारी संस्कृति का समावेश होना चाहिए। आज विश्व का सबसे युवा देश भारत है और इस देश के युवा नवाचार करने और देश को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए कृत संकल्पित हैं।

वे आज शाम यहां जाल सभागृह में अभ्यास मंडल की 66वीं ग्रीष्मकालीन व्याख्यान माला का शुभारंभ कर रहे थे। नया भारत नई सोच विषय पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस विषय पर चिंतन करने से पहले हमें बीते एक दशक में देश को प्राप्त हुए गौरव पर ध्यान देना होगा। वर्ष 2047 के जिस विकसित भारत की हम कल्पना कर रहे हैं उसका आधार तैयार होना शुरू हो गया है। पिछले सालों में जो काम हुआ है उससे इंडिया से भारत का निर्माण शुरू हो गया है। इस समय भारत पूरे विश्व में डिजिटलाइजेशन का नायक है। विश्व के किसी भी देश में किसी भी सरकार के द्वारा स्वास्थ्य बीमा की इतनी बड़ी योजना का संचालन नहीं किया जा रहा है, जितना की भारत में हो रहा है।

उन्होंने कहा कि वैसे तो कई देश के लोग चांद पर गए हैं लेकिन भारत के वैज्ञानिक चांद में उस स्थान पर पहुंच गए जहां आज तक कोई नहीं पहुंचा है। न्यूक्लियर एनर्जी में भी सबसे तेज रिएक्टर पर भारत में काम हो रहा है। सोलर पार्क का निर्माण भारत में हो रहा है। लंबे एक्सप्रेस वे, मेट्रो के रास्ते और इस तरह अधो संरचना, विकास की दिशा में बहुत ज्यादा काम भारत में हो रहा है। पूरे विश्व में यूपीआई से जितना भुगतान होता है उसमें से आधा भुगतान अकेले भारत में होता है। हमें यह ध्यान देना होगा कि 12 साल पहले जहां हमारे देश में मात्र 500 स्टार्टअप थे, वहां अब इनकी संख्या 2 लाख से ज्यादा है। पिछले कुछ सालों में भारत में 1.25 लाख से ज्यादा पेटेंट कराए गए हैं। पूरे विश्व में भारत को सबसे ज्यादा युवाओं वाला देश माना जाता है। हमारे देश में युवाओं की महत्वाकांक्षा बड़ी है, सपने बड़े हैं और वे बड़े लक्ष्य को लेकर भी काम कर रहे हैं। आज समय बदल गया है। कार्यालय में काम करने के स्थान के साथ-साथ कैंटीन और खेलने का स्थान भी होता है। यह परिवर्तन का दौर है।

उन्होंने कहा कि हमेशा कहा जाता है कि पुरानी पीढ़ी और नई पीढ़ी के बीच में जेनरेशन का गैप है लेकिन हमें इस गेप को टैप करना आना चाहिए। अब तो वर्क फ्रॉम होम भी हमारी आदत में आ गया है। हमें नई सोच का नया भारत तैयार करने में हमारी संस्कृति को भी शामिल रखना होगा। आज विश्व के दूसरे देशों के लोग हमारी संस्कृति की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में हमें अपनी संस्कृति को अपने से दूर नहीं होने देना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभ्यास मंडल की व्याख्या माला समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक चितले ने की। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत फादर पायस लकडा, सौरभ घोषाल, आदित्य सेंगर, प्रणीता दीक्षित ने किया। कार्यक्रम का संचालन मनीषा गौर ने किया। विषय का प्रवर्तन माला सिंह ठाकुर ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन अशोक जायसवाल ने किया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह अशोक कोठारी और सुमन ज्ञानी ने भेंट किए।

कल का व्याख्यान

अभ्यास मंडल के द्वारा आयोजित की गई व्याख्यान माला में कल 17 मई रविवार को राज्यसभा सदस्य प्रोफेसर मनोज कुमार झा का व्याख्यान होगा। उनके व्याख्यान का विषय है राजनीति की भाषा और भाषा की राजनीति। यह आयोजन शाम 6 बजे जाल सभागृह में होगा।

Next Post

नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस

Sat May 16 , 2026
सीधी। नीट पेपर लीक मामले के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शनिवार शाम जिला मुख्यालय में मशाल जुलूस निकालकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान तथा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में […]

You May Like