नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस

सीधी। नीट पेपर लीक मामले के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शनिवार शाम जिला मुख्यालय में मशाल जुलूस निकालकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान तथा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र-युवा साथी एवं पदाधिकारी शाम 6 बजे जवाहर कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए, जहां से मशाल जुलूस प्रारंभ होकर गांधी चौराहा पहुंचा। वहां कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार एवं शिक्षा व्यवस्था के विरोध में नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह भ्रष्टाचार और पेपर लीक माफियाओं के कब्जे में चली गई है। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक मेहनत करते हैं, परिवार कर्ज लेकर बच्चों को पढ़ाते हैं, लेकिन सत्ता संरक्षण प्राप्त गिरोह पैसे लेकर प्रश्नपत्र बेच देते हैं। यह केवल परीक्षा में धांधली नहीं बल्कि युवाओं के सपनों की हत्या है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हर वर्ष किसी न किसी बड़ी परीक्षा का पेपर लीक होना अब सामान्य घटना बन चुका है। कभी नीट, कभी पुलिस भर्ती, कभी शिक्षक भर्ती तो कभी अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली सामने आती है, लेकिन सरकार केवल औपचारिक कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी से बच निकलती है।

ज्ञान सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा निरस्त होने और पेपर लीक प्रकरण से कई छात्र मानसिक तनाव में आए हैं तथा कुछ छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल आत्महत्या नहीं बल्कि नाकाम प्रशासन और भ्रष्ट व्यवस्था द्वारा की गई हत्या है।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि नीट सहित सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जाए।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भदौरिया, जिला संगठन महासचिव ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, प्रवक्ता पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र एवं युवा उपस्थित रहे।

Next Post

मप्र में भय और असुरक्षा का माहौल, बुजुर्गों व आदिवासियों के खिलाफ अपराधों में राज्य शीर्ष पर: पटवारी

Sat May 16 , 2026
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को प्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों और आदिवासी समाज के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता जताते हुए सरकार पर भय, अन्याय और असुरक्षा का वातावरण पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश लगातार तीसरे वर्ष बुजुर्गों के लिए […]

You May Like