
भोपाल। कमला नगर थाना पुलिस ने एक युवक की डंडे से मारकर हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने मामूली विवाद के बाद शराब के नशे में युवक पर डंडे बरसाये थे. हमले में घायल हुए युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के दौरान डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इलाके में संचालित एक टंटे हाउस के दो कर्मचारियों ने 9 दिसंबर को आपसी विवाद कर लिया था. मृतक 36 वर्षीय कैलाश यादव चालक के तौर पर वहां नौकरी करता था. घटना वाले दिन टेंट हाउस में संचालक का जन्मदिन था. पार्टी में शामिल कर्मचारियों ने इस मौके पर शराब पी. शराब पीने के बाद कैलाश का एक और कर्मचारी राहुल के साथ विवाद हो गया. इसी बीच आरोपी राहुल ने कैलाश की वहां मिले एक डंडे को उठाकर बुरी तरह से पिटाई कर दी. मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने मामले को शांत कराया. सभी अपने घर की तरफ चले गए. इसी बीच एक राहगीर ने कैलाश को सड़क के किनारे बेहोशी की हालत में पाया और 108 नंबर पर सूचना दी. एंबुलेंस के कर्मचारी कैलाश को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चेकअप के दौरान डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. कैलाश के शव की पीएम रिपोर्ट में डंडे की चोट से मौत का मामला सामने आया. कमलानगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने वारदात की बात को भी स्वीकार कर लिया है.
