नगरपालिका ने बस स्टैंड की 13 जर्जर दुकानों पर चलाया बुलडोजर

झाबुआ। नगरपालिका परिषद् और व्यापारियों के बीच बस स्टैंड की 13 दुकानों को लेकर चल रहीं खींचतान के बाद अंततः नगरपालिका प्रशासन एवं परिषद् ने मिलकर बस स्टैंड की 13 जर्जर दुकानों पर बुलडोजर चला ही दिया और सभी दुकानों को 24 जुलाई शुक्रवार को ध्वस्त कर दिया गया। नगरपालिका द्वारा अब इन दुकानों का नवीन निर्माण किया जाएगा। दुकान आवंटन में नीलामी प्रक्रिया अपनाने की बात नगरपालिका परिषद् की ओर से कहीं जा रहीं है। उल्लेखनीय है कि नगरपालिका परिषद् द्वारा पिछले करीब दो माह पूर्व इन 13 दुकानों को तोड़ने हेतु व्यापारियों को दुकाने खाली करने का नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद भी दुकानदारों द्वारा दुकाने खाली नहीं की गई। जिसके बाद नगरपालिका परिषद् द्वारा इन दुकानों को ताबड़तोड़ सील कर दिया गया। इससे पूर्व भी नपा प्रशासन में इन दुकानों के व्यापारियों को कई बार नोटिस जारी कर दुकान खाली करने एवं दुकाने डिस्मेंटल करने हेतु कार्रवाई किए जाने संबंधी पत्र व्यवहार किया जा चुका था।व्यापारियों द्वारा दुकाने नहीं खाली करने के साथ इस संबंध में माननीय न्यायालय की शरण ली गई। इसके साथ ही सकल व्यापारी संघ के साथ मिलकर जिलाधीश एवं नगरपालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा सीएमओ से भी कई बार संवाद स्थापित किया गया। नगरपालिका द्वारा इन दुकानों हेतु विशेष सम्मेलन का आयोजन भी पिछले दिनों नपा कार्यालय के सभा कक्ष में रखा गया। जिसमें परिषद् की बैठक में अधिकांश पार्षदों, अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बहुमत से यह निर्णय लिया गया कि इन 13 दुकानों को पीपीपी मोड पर डालने के साथ सभी दुकानों को जनहित में तोड़ा जाएगा। नगरपालिका परिषद् के इस निर्णय से व्यापारी सहमत नहीं हुए और उन्होंने इसका तीव्र विरोध किया। इस बीच कई दुकानदारों द्वारा दुकाने खाली करने के साथ कई दुकानों के व्यापारियों ने दुकानों से सामान खाली नहीं करते हुए दुकानों को तोड़ने से बचाने हेतु हर हथकंडा और कोशिशें से की गई, लेकिन नतीजा सिफर ही निकला। इसी बीच नपा सीएमओ और बस स्टैंड के इन 13 व्यापारियों की गोपनीय बैठक भी हुई, जिसमें भी व्यापारियों को केवल नगरपालिका अधिकारियों से दुकाने तोड़ने के बाद नवीन दुकानों की लागत के साथ उन्हें दिए जाने का मौखिक आश्वासन ही प्राप्त हुआ। *हाईकोर्ट से भी नहीं मिल पाया स्टे -* अंततः 13 दुकानों के व्यापारियों ने नगरपालिका के इस निर्णय को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और दुकानों को तोड़ने से रोकने हेतु स्टे की मांग की गई, लेकिन हाईकोर्ट ने नगरपालिका की इस कार्रवाई पर स्टे देने के निर्णय को खारिज कर दिया। जिसके बाद नगरपालिका परिषद् ने जर्जर 13 दुकानों को तोड़ने का आदेश अधीनस्थ को जारी किया गया। *एक दिन झाबुआ रहा था बंद -* व्यापारियों की इन 13 दुकानों को लेकर सकल व्यापारी संघ के आव्हान पर एक दिन झाबुआ बंद भी किया गया। सकल व्यापारी संघ के बेनर तले 13 दुकानदारों के पक्ष में रैली निकालकर नगरपालिका परिषद् की इस कार्रवाई पर पूरजोर विरोध किया गया। साथ ही कलेक्ट्रोरेट पहुंचकर ज्ञापन भी सौंपा गया था। ज्ञापन लेने कलेक्टर के नहीं आने पर भी व्यापारी काफी नाराज हुए थे। इस बंद का भी कोई खास असर नगरपालिका परिषद् पर नहीं पड़ा। *अंततः तोड़ी गई सभी 13 दुकानें -* काफी जद्दोजहद और मशक्कत के बाद नगरपालिका परिषद् ने बस स्टैंड की सभी 13 दुकानों पर 24 जुलाई, शुक्रवार सुबह ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए इन पर बुलडोजर चला दिया गया और सभी दुकानों का ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। अब नगरपालिका प्रशासन द्वारा यहां नवीन दुकाने बनाकर काम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। नगरपालिका परिषद् की ओर से प्राप्त जानकारी अनुसार जल्द ही नवीन दुकानों का निर्माण कर दुकान आवंटन में नीलामी की प्रक्रिया अपनाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मेन बाजार में रघुनंदन कांपलेक्स को भी तोड़कर नवीनीकरण किए जाने का कार्य किया जाना नगरपालिका परिषद् में प्रस्तावित है।

Next Post

देवसर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में निकला कैंडल मार्च, राहुल गांधी व छात्रों के समर्थन में कांग्रेसियों ने उठाई आवाज

Fri Jul 24 , 2026
देवसर। देवसर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को कैंडल मार्च एवं रैली का आयोजन किया गया। रैली कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर चितरंगी चौराहा तक निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में आवाज […]

You May Like