इंदौर: शहर के चर्चित कारोबारी राजा रघुवंशी की सनसनीखेज हत्या कांड में जेल में बंद पत्नी और मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने जमानत पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है. सोनम की ओर से दाखिल की गई अर्जी पर सोहरा उप-मंडल के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट 17 सितंबर को सुनवाई करेंगे.मामले से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सोनम की जमानत याचिका शुक्रवार को दायर हुई थी, लेकिन अभियोजन पक्ष ने केस डायरी और दस्तावेजों की बारीकी से जांच के लिए समय मांगा.
इसके बाद सुनवाई की तारीख आगे बढ़ा दी गई. गौरतलब है कि पुलिस जांच में सोनम पर आरोप लगा था कि उसने अपने प्रेमी राज कुशवाह और तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर हनीमून के दौरान ही पति राजा रघुवंशी की हत्या की. इस प्रकरण में अब तक पांच लोगों को जेल भेजा जा चुका है. इनमें सोनम और उसका प्रेमी राज कुशवाह भी शामिल हैं. वहीं प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स, लोकेंद्र तोमर और सुरक्षा गार्ड बलबीर सिंह पर सबूत मिटाने का आरोप है, यह तीनों फिलहाल जमानत पर बाहर हैं.
जमानत अर्जी में सोनम ने दावा किया है कि वह निर्दोष है और पुलिस ने मीडिया ट्रायल के दबाव में उसे फंसाया है. उसने कहा कि स्वयं को बेगुनाह साबित करने का मौका देने के लिए उसे जमानत दी जाए. दूसरी ओर, अभियोजन पक्ष ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए अदालत से जमानत याचिका खारिज करने की मांग की है. अदालत ने अभियोजन को जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं
