आईपीएल लीग चरण में 11 मैच शेष, प्लेऑफ की दौड़ में आठ टीमें

नयी दिल्ली 16 मई (वार्ता) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लीग चरण में अब केवल 11 मैच शेष होने के बावजूद प्लेऑफ के लिए आठ टीमें अब भी रेस में बनी हुई हैं। हालांकि अभी तक किसी भी टीम ने आधिकारिक तौर पर अपनी जगह पक्की नहीं की है। आंकड़ों के अनुसार लखनऊ सुपर जायंट्स से मिली हार ने चेन्नई सुपर किंग्स की उम्मीदों को झटका दिया है, लेकिन टीम अब भी अपने आखिरी दो मैच जीतकर 16 अंक तक पहुंच सकती है। यहां तक कि 14 अंक पर भी क्वालिफाई करने की संभावना बनी हुई है। अगर पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स अपने शेष सभी मैच हार जाएं और दिल्ली कैपिटल्स कोलकाता नाइट राइडर्स से हार जाए तो ऐसा हो सकता है। साथ ही केकेआर अपने शेष मैचों में दो से अधिक जीत दर्ज न करे। अगर ऐसा होता है, तो आरसबी, एसआरएच, जीटी और 14 अंक वाली सीएसके प्लेऑफ में पहुंच जाएंगी। हालांकि दूसरी ओर 16 अंक भी पर्याप्त नहीं है, क्योंकि चार टीमें अब भी इससे आगे निकल सकती हैं।

लगातार पांच जीत के साथ शानदार लय में चल रही जीटी को प्लेऑफ पक्का करने के लिए सिर्फ़ एक जीत चाहिए। अगर वे दोनों मैच जीत लेते हैं तो टॉप दो में जगह तय हो जाएगी। अगर जीटी दोनों मैच हार जाती है, तो मामला नेट रन रेट तक जा सकता है। पंजाब किंग्स, सीएसके और आरआर अगर अपने शेष मैच जीत जाएं, तो छह टीमें 16 या उससे ज्यादा अंक पर खत्म कर सकती हैं।

आरसीबी को क्वालिफ़ाई करने के लिए सिर्फ एक जीत चाहिए, क्योंकि अब चार अन्य टीमें 18 अंक तक नहीं पहुंच सकतीं। लेकिन अगर वे दोनों मैच हार जाते हैं, तो बाहर भी हो सकते हैं क्योंकि जीटी, एसआरएच, आरआर और पंजाब किंग्स उनसे आगे निकल सकती हैं। अगर आरसीबी दोनों मैच जीतती है, तो टॉप दो में जगह पक्की हो जाएगी। हालांकि उनके बाक़ी दोनों मुक़ाबले बाहर हैं और इस सीजन उन्होंने पांच में से सिर्फ़ दो अवे मैच जीते हैं।

12 मैचों में 14 अंक के साथ एसआरएच को सीधे क्वालिफिकेशन के लिए अपने आख़िरी दोनों मैच जीतने होंगे। हालांकि अगर पंजाब किंग्स और आरआर अपने सभी मैच हार जाएं, तो 14 अंक भी पर्याप्त हो सकते हैं। उस स्थिति में जीटी, आरसीबी, सीएसके और एसआरएच प्लेऑफ में पहुंच जाएंगी। अगर पंजाब किंग्स एक मैच जीतकर 15 अंक तक पहुंचती है, तो 14 अंक वाली टीमों के बीच नेट रन रेट निर्णायक होगा।

लगातार पांच हार के बाद पंजाब किंग्स 13 अंक पर अटकी हुई है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि टीम अब भी 13 अंक के साथ चौथी क्वालिफाई करने वाली टीम बन सकती है। इसके लिए जीटी को अपने दोनों मैच जीतने होंगे, आरआर और सीएसके को बाक़ी सभी मैच हारने होंगे और केकेआर को डीसी को हराकर मुंबई इंडियंस से हारना होगा। ऐसे में आरसीबी, जीटी, एसआरएच और पंजाब किंग्स प्लेऑफ में पहुंच जाएंगी और नेट रन रेट की जरूरत नहीं पड़ेगी। पंजाब किंग्स के लिए आसान रास्ता यह है कि वे अपने दोनों मैच जीतकर 17 अंक तक पहुंच जाएं। सीएसके की हार के बाद अब चार अन्य टीमें 17 से ज्यादा अंक तक नहीं पहुंच सकतीं, यानी पंजाब किंग्स की क़िस्मत उसके अपने हाथ में है। हालांकि अगर टीम 15 अंक पर रुकती है, तो फिर उसे दूसरे नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा।

पिछले सात मैचों में पांच हार ने आरआर की स्थिति मुश्किल कर दी है। कुछ हफ़्ते पहले नौ मैचों के बाद टीम 12 अंक के साथ तीसरे स्थान पर थी, लेकिन अब पांचवें नंबर पर फिसल चुकी है और बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। अन्य टीमों की तरह आरआर भी 14 अंक पर क्वालिफ़ाई कर सकती है, लेकिन इसके लिए पंजाब किंग्स और सीएसके को अपने बाक़ी सभी मैच हारने होंगे। अगर आरआर अपने तीनों मैच जीत लेती है, तो प्लेऑफ़ तय है। उसके बाक़ी मुकाबले निचली चार टीमों के खिलाफ हैं, जिनमें एमआई और एलएसजी जैसी पहले ही बाहर हो चुकी टीमें शामिल हैं। हालांकि इन सभी टीमों ने अपने पिछले मैच जीते हैं।

लगातार चार जीत के बाद केकेआर ने वापसी की थी, लेकिन आरसीबी से हार के बाद टीम अधिकतम 15 अंक तक ही पहुंच सकती है। इसका मतलब अब उन्हें दूसरे नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। जूदा समीकरण के हिसाब से जीटी, आरसीबी, एसआरएच, पंजाब किंग्स, आरआर और सीएसके सभी 15 से ज्यादा अंक तक पहुंच सकती हैं। 13 अंक पर भी केकेआर के क्वालिफ़ाई करने की बेहद कम संभावना बनी हुई है, अगर आरसीबी, जीटी और एसआरएच ज्यादातर मैच जीतें और पंजाब किंग्स, आरआर व सीएसके लगातार हारें। तब केकेआर और पंजाब किंग्स के बीच आखिरी प्लेऑफ़ स्थान की लड़ाई हो सकती है। केकेआर के बाक़ी तीनों मैच घरेलू मैदान ईडन गार्डन्स में हैं, लेकिन इस सीजन टीम ने वहां चार मैचों में सिर्फ़ एक जीत हासिल की है।

पंजाब किंग्स के ख़िलाफ जीत ने डीसी को रेस में बनाए रखा है। समीकरण साफ़ है। टीम को अपने आख़िरी दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे ताकि वह 14 अंक तक पहुंचे और फिर दूसरे नतीजों का इंतजार करना होगा। हालांकि उनका नेट रन रेट -0.993 है, जो सभी टीमों में सबसे ख़राब है और यही उनकी सबसे बड़ी चिंता है। डीसी लीग चरण का आख़िरी मैच 24 मई को इडेन गार्डन्स में केकेआर के खिलाफ खेलेगी। अगर उस समय तक इनमें से कोई भी टीम रेस में बची रहती है, तो अगले कुछ दिन आईपीएल में कई बड़े उलटफेर लेकर सकते हैं।

 

 

 

Next Post

सुर, संस्कृति और रंगमंच: बहुभाषीय नाट्य महोत्सव 2026 में बिखरे लोक कला के रंग

Sat May 16 , 2026
सीधी। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से आयोजित 3 दिवसीय बहुभाषीय नाट्य महोत्सव 2026 अंतर्गत विवेकानंद सभागार टाटा कॉलेज परिसर सीधी मध्यप्रदेश में रंगमंच और लोकसंस्कृति की विविध प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। महोत्सव के प्रथम दिवस 15 मई को भावनात्मक सोलो नाटक जुगनू एवं बघेली संस्कार […]

You May Like