तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक ने वृद्ध को रौंदा, मौत

सतना : मैहर जिले के राज्यमार्ग 11 पर डेल्हा मोड़ के निकट मंगलवार को हुए सडक़ हादसे में 91 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई. घटना तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक द्वारा वृद्ध को रौंदते हुए घसीटने के कारण होना बताया गया. वहीं इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने राज्यमार्ग पर शव रखते हुए जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के सोनवारी गांव के निवासी बंसगोपाल साहू पिता कढोला साहू उम्र 91 वर्ष हर रोज की तरह मंगलवार की सुबह भी अपने मवेशियों को चराने के लिए घर से निकले थे. बताया गया कि जैसे ही वे डेल्हा मोड़ के निकट पहुंचे वैसे ही वहां से गुजर रहे एक अनियंत्रित ट्रक क्रमांक एमपी 19 एचए 8053 के चालक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और उस पर क्षमता से अधिक माल लदा होने के कारण वह बेकाबू नजर आ रहा था. आलम यह रहा कि वंशगोपाल को चपेट में लेने के बाद ट्रक उन्हें कुछ दूर तक घसीटता रहा. जिसके चलते उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना की जानकारी होते ही परिजन सहित आस पास के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. दुर्घटना और वंशगोपाल के शव की हालत को देखते हुए लोगो का गुस्सा भडक़ गया. देखते ही देखते एकत्रित लोगों ने राज्यमार्ग पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. जिसके चलते राज्यमार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की कतारें लग गईं.
 ठोस आश्वासन पर बनी बात
राज्यमार्ग पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों का कहना था कि मृतक के पीडि़त परिवार को तत्काल और उचित क्षतिपूर्ति दिलाई जाए. इसी कड़ी में यह मांग भी की गई कि क्षेत्र में ओवरलोड ट्रकों की इंट्री को पूरी तरह से बंद किया जाए. वहीं स्थानीय रहवासियों को दुर्घटना से बचाने के लिए गुजरने वाले वाहनों की गति सीमा निर्धारित करने के साथ ही स्पीड ब्रेकर भी लगाए जाएं. काफी देर तक चली समझाइस के बाद पुलिस द्वारा दिए गए ठोस आश्वासन के चलते किसी तरह गतिरोध कम हुआ और आक्रोशित लोग वहां से हटने के लिए राजी हो गए.

Next Post

नागालैंड सीईओ ने पुलिस कर्मियों को चुनाव संबंधी अधिकारियों के रूप में किया नामित

Wed Mar 18 , 2026
दीमापुर, 18 मार्च (वार्ता) नागालैंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने कोरिडांग विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए नागालैंड पुलिस के सभी अधिकारियों और रैंकों को, जिनमें महानिदेशक, अतिरिक्त महानिदेशक, आईजी, डीआईजी, पुलिस आयुक्त और एसपी तथा उनके अधीन सभी पुलिस अधिकारियों को, जिनमें होम गार्ड और ग्राम रक्षक शामिल […]

You May Like