एक असमय बुझी जिंदगी का सबक

इंदौर के छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में एक 16 वर्षीय छात्रा ने अपने जन्मदिन से महज कुछ घंटे पहले मौत को गले लगा लिया. छात्रा अपने जन्मदिन पर नए कपड़े खरीदने के लिए पिता से 5 हजार रुपए की मांग कर रही थी, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते पिता द्वारा कम पैसे दिए जाने से वह नाराज थी. यह घटना दरअसल, केवल एक परिवार की व्यक्तिगत त्रासदी नहीं है, बल्कि हमारे समय के सामाजिक और मनोवैज्ञानिक संकट का गहरा संकेत है. 16 वर्षीय वंशिका का अपने जन्मदिन से कुछ घंटे पहले आत्मघाती कदम उठाना कई असहज सवाल खड़े करता है कि क्या एक ड्रेस के लिए जान देना संभव है ? या यह उस दबाव, अकेलेपन और भावनात्मक असंतुलन का परिणाम है, जिसे हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं ?

मनोविज्ञान हमें बताता है कि किशोरावस्था बेहद संवेदनशील दौर होता है. इस उम्र में भावनाएं तीव्र होती हैं, आत्मसम्मान नाजुक होता है और बाहरी दुनिया का प्रभाव अत्यधिक गहरा होता है. एक छोटी सी निराशा भी उन्हें अस्वीकार या अपमान जैसा महसूस हो सकती है. वंशिका के मामले में 5 हजार रुपये की मांग महज एक आर्थिक आग्रह नहीं थी, बल्कि शायद अपने सामाजिक दायरे में ‘स्वीकार्यता’ पाने की इच्छा भी थी. आज के डिजिटल और दिखावे से भरे दौर में बच्चों के सामने एक ‘परफेक्ट लाइफ’ का दबाव लगातार परोसा जा रहा है,सोशल मीडिया पर दिखती चमक-दमक, ब्रांडेड कपड़े और तुलना की संस्कृति उनके भीतर हीनता और अपेक्षाओं का जाल बुन देती है.

लेकिन इस घटना को केवल ‘दिखावे की मानसिकता’ तक सीमित कर देना भी पर्याप्त नहीं होगा. यहां पैरेंटिंग और संवाद की कमी का पहलू भी उतना ही महत्वपूर्ण है. आर्थिक तंगी किसी भी परिवार की वास्तविकता हो सकती है, लेकिन उस स्थिति को बच्चों के सामने कैसे रखा जाए, यह अभिभावकों की जिम्मेदारी है. केवल ‘नहीं’ कह देना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उस ‘नहीं’ के पीछे की संवेदनशील व्याख्या और भावनात्मक सहारा भी जरूरी होता है. बच्चों को यह महसूस होना चाहिए कि उनकी इच्छाओं को समझा जा रहा है, भले ही उन्हें पूरा न किया जा सके.

दूसरी ओर, बच्चों को भी भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना आज की सबसे बड़ी चुनौती है. उन्हें यह सिखाना होगा कि जीवन में हर इच्छा पूरी नहीं होती और असफलता या निराशा अंत नहीं है. स्कूलों और समाज को भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी होगी. मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता, काउंसलिंग और खुला संवाद अब विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुके हैं.

यह घटना हमें यह भी सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हम अपने बच्चों को केवल सुविधाएं दे रहे हैं या उन्हें जीवन की वास्तविकताओं से भी परिचित करा रहे हैं ? क्या हम उनके साथ इतना समय बिताते हैं कि उनके भीतर के द्वंद्व को समझ सकें ?

वंशिका की असमय मौत दरअसल, एक चेतावनी है

परिवार, समाज और शिक्षा व्यवस्था तीनों के लिए. यह समय है कि हम बच्चों की ‘जिद’ के पीछे छिपे ‘संकेत’ को पढ़ें, उनके साथ संवाद को मजबूत करें और उन्हें यह भरोसा दें कि कोई भी समस्या इतनी बड़ी नहीं होती कि उसके सामने जिंदगी छोटी पड़ जाए.

 

Next Post

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की मतगणना शुरू

Mon May 4 , 2026
नयी दिल्ली, 04 मई (वार्ता) पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुड्डुचेरी विधानसभाओं तथा विभिन्न राज्यों के आठ विधानसभा क्षेत्रों के उप चुनावों की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हो गयी। पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान कराये […]

You May Like