
भोपाल। शहर से निकलने वाले सूखे कचरे के शत-प्रतिशत निष्पादन के लिए नगर निगम ने टोरिफाइड चारकोल प्लांट का ट्रायल रन शुक्रवार को शुरू कर दिया गया. यह प्लांट आदमपुर में नेशनल थर्मल पावर कार्पोरेशन के माध्यम से स्थापित किया गया है. इस प्लांट का निगमायुक्त ने निरीक्षण किया. प्लांट में प्रतिदिन सूखा कचरा निष्पादन की क्षमता सहित संयंत्र के संबंध में एनटीपीसी के अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की. नगर निगम प्लांट के माध्यम से प्रतिदिन 400 टन सूखे कचरे से टोरिफाईड चारकोल का निर्माण किया जाएगा जिसका एनटीपीसी स्वयं उपयोग करेगा.
संयंत्र के ट्रॉयल रन हेतु 3 दिनों में निगम द्वारा 800 टन सूखा कचरा टोरिफाईड चारकोल प्लांट को दिया गया है. पूरे ट्रॉयल रन में लगभग 1800 टन सूखे कचरे को प्रोसेस किया जाएगा. इस प्लांट के लिए भोपाल देश का दूसरा ऐसा शहर है जिसने टोरिफाईड चारकोल संयंत्र स्थापित करने अनुबंध किया था और बनारस के संयंत्र के संचालन के अनुभव एवं कार्य व्यवहार से सीख लेकर भोपाल के संयंत्र में अपग्रेड टेक्नालॉजी का उपयोग किया गया है. यह प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश में अपने किस्म का पहला प्रोजेक्ट है. निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने निर्देशित किया कि टोरिफाईड चारकोल संयंत्र का पूर्ण रूपेण संचालन शीघ्रता से किया जाए.
