हृदयविदारक हादसा: 10 क्विंटल सरियों के नीचे दबे तीन ग्रामीण, जेसीबी की मदद से निकाले गए शव

गुना: जिले के कुंभराज थाना अंतर्गत गुरुवार शाम एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें तीन परिवारों के चिराग बुझ गए। कृषि उपज मंडी में अपनी फसल बेचकर खुशी-खुशी घर लौट रहे एक किसान और उनके दो सहयोगियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि तीनों मृतक भारी-भरकम लोहे के सरियों और ट्रॉली के नीचे दब गए थे, जिन्हें निकालने के लिए प्रशासन को जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंभराज के ग्राम बकोन्या निवासी 60 वर्षीय बाबूलाल मीणा अपने बेटे लाखन मीणा और बटियादारों के साथ मंडी में धनिया बेचने आए थे। फसल बेचने के बाद बाबूलाल ने अपने घर के निर्माण कार्य के लिए करीब 10 क्विंटल से अधिक लोहे का सरिया खरीदा और उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर वापस गांव के लिए रवाना हुए। शाम करीब 5:30 बजे जब ट्रैक्टर मृगवास मार्ग पर सिंगपुरा के गणेशपुरा मंदिर के पास स्थित एक घाटीनुमा ढलान पर पहुँचा, तो ओवरलोड सरियों के दबाव के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते पूरी ट्रॉली पलट गई।
10 क्विंटल सरियों के नीचे दबे शव, जेसीबी से हुई मशक्कत
दुर्घटना के वक्त ट्रैक्टर बाबूलाल का बेटा लाखन चला रहा था। जैसे ही ट्रॉली पलटी, उसमें बैठे बाबूलाल मीणा, बटियादार जगदीश अहिरवार (45) और रमन अहिरवार (22) लोहे के भारी सरियों और ट्रॉली के मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए। मौके पर पहुँचे ग्रामीणों ने उन्हें निकालने का प्रयास किया, लेकिन वजन अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही कुंभराज पुलिस बल मौके पर पहुँचा और तुरंत जेसीबी मशीन बुलाई गई। करीब घंटों की मशक्कत के बाद जेसीबी से सरियों और ट्रॉली को हटाया गया, तब जाकर तीनों के शव बाहर निकाले जा सके। पुलिस के अनुसार, अत्यधिक वजन और सरियों की गंभीर चोट के कारण तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था।
गाँव में पसरा सन्नाटा, पुलिस ने शुरू की जाँच
इस हादसे की खबर जैसे ही ग्राम बकोन्या पहुँची, पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। मृतकों में जगदीश और रमन आपस में परिजन बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारण मृगवास मार्ग पर काफी समय तक यातायात भी बाधित रहा। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना का मुख्य कारण सिर्फ ओवरलोडिंग था या ट्रैक्टर में कोई तकनीकी खराबी आई थी। एक साथ तीन मौतों से पूरा जिला स्तब्ध है।

Next Post

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फाइटर हेलिकॉप्टर 'प्रचंड' में उड़ान भर रचा इतिहास, स्वदेशी शक्ति को किया सलाम, शाम को पोखरण में 'वायु शक्ति-2026' की बनेंगी मुख्य अतिथि

Fri Feb 27 , 2026
जैसलमेर | देश की राष्ट्रपति एवं सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू ने आज जैसलमेर में स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर ‘प्रचंड’ में उड़ान भरकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वे इस अत्याधुनिक लड़ाकू हेलिकॉप्टर में को-पायलट के तौर पर उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बन गई हैं। […]

You May Like