नयी दिल्ली 08 मई (वार्ता) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओके) में आतंकवादियों के ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई का स्वागत करते हुये आतंकवादियों के ठिकानों पर सफल हमले के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को बधाई दी है।
गौरतलब है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादियों के नौ ठिकानों पर हमला किया था, जिसमें कई आतंकवादियों के मारे जाने और उनके ठिकाने नष्ट होने की सूचना है।
श्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को यहां मीडियाकर्मियों से कहा, “ मैं पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों पर सफल हमले के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को बधाई देता हूं। मैं उन्हें तहे दिल से बधाई देता हूं।”
उन्होंने सेना की इस कार्रवाई के बाद उत्पन्न स्थिति पर चर्चा करने को लेकर बुलायी गयी सर्वदलीय बैठक को लेकर कहा, “मैं समझता हूं कि सर्वदलीय बैठक में वर्तमान स्थिति पर सार्थक चर्चा करेंगे।”
उल्लेखनीय है कि रूसी दूतावास द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ‘स्टालिनग्राद ऑपरेशन’ में योगदान के लिए श्री नवीन पटनायक के पिता एवं ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत बीजू पटनायक को सम्मानित करने वाला है और श्री नवीन पटनायक इस सम्मान को प्राप्त करने लिये दिल्ली आए हुए हैं। भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने श्री नवीन पटनायक को नौ मई को यहां आयोजित कार्यक्रम में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में आमंत्रित किया है। रूस में यह दिन ‘विक्ट्री डे’ के तौर पर मनाया जाता है, जो नाज़ी जर्मनी की हार का प्रतीक है। इस कार्यक्रम में बीजू पटनायक को सम्मानित किया जाएगा।
