पांढुरना। ग्राम भूली में प्रस्तावित भूली जलाशय को लेकर ग्रामीणों का विरोध सामने आया है। मंगलवार को डूब क्षेत्र में आने वाले घरों का सर्वे करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को ग्रामीणों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने सर्वे से पहले कृषि भूमि और मकानों के मुआवजे की राशि तथा विस्थापन के लिए तय किए गए स्थान की जानकारी देने की मांग की।
ग्रामीणों के विरोध के चलते राजस्व विभाग की टीम बिना सर्वे किए ही वापस लौट गई। विभागीय जानकारी के अनुसार प्रस्तावित भूली जलाशय से कुल सात गांव प्रभावित हो सकते हैं। इनमें भूली, खडकी, भूयारी, मोरडोंगरी, धावड़ी खापा, खेड़ीधान भोयर और नीलकंठ शामिल हैं।
भूली और खडकी गांव को अन्यत्र विस्थापित किया जाना प्रस्तावित है। बताया गया है कि भूली में करीब 277 और खडकी में करीब 173 मकान हैं। अब ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और उनकी मांगों पर चर्चा करने के लिए राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बुधवार को ग्राम भूली पहुंचने की संभावना है।
