जबलपुर: जनगणना 2027 के आगामी चरणों को लेकर आयोजित दो दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने उपस्थित अधिकारियों, प्रगणकों और सुपरवाइजरों को संबोधित करते हुए आधुनिक तकनीक के उपयोग और डेटा की शुद्धता पर विशेष जोर दिया। निगमायुक्त ने कहा कि इस बार की जनगणना पहले के मुकाबले काफी सरल, सहज और आधुनिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘मोबाइल से स्व-गणना करना अब बहुत आसान है। उन्होंने बताया कि तकनीक ने इस जटिल प्रक्रिया को सरल बना दिया है, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि मानवीय त्रुटियों की संभावना भी न्यूनतम हो जाएगी।
प्रगणकों और सुपरवाइजरों को अहम दिशा-निर्देश
प्रशिक्षण के दौरान निगमायुक्त ने फील्ड स्टाफ के लिए कुछ प्रमुख लक्ष्य निर्धारित किए। उन्होंने स्व-गणना पर फोकस करने की बात कहते हुए कहा कि प्रगणक और सुपरवाइजर आम नागरिकों को मोबाइल के माध्यम से स्वयं की जानकारी दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित करें। इससे डेटा सीधा और सटीक सिस्टम में अपडेट होगा। निगमायुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि जनगणना के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
डेटा की शुद्धता ही भविष्य की योजनाओं का आधार बनती है। फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए गए कि वे नागरिकों के बीच जाकर उन्हें डिजिटल पोर्टल और ऐप के इस्तेमाल के बारे में विस्तार से समझाएं। इसके लिए निगमायुक्त एवं प्रशिक्षकों ने जनगणना करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए जानकारियां दी। इस मौके पर संयुक्त निदेषक रामावतार पटेल और जिला प्रभारी मनोज नाथानी, अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
