सीहोर।राज्यपाल मंगू भाई पटेल एवं कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने आरएके कृषि महाविद्यालय परिसर में नवनिर्मित कन्या छात्रावास और ऐरोपोनिक्स इकाई का लोकार्पण किया.
इस अवसर पर राज्यपाल श्री पटेल ने संबोधन में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया और कहा कि इसके लिए वर्मी कंपोस्ट का उपयोग किया जाना चाहिए. उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे जैविक खेती की पद्धतियों को अपनाएं और भूमि के प्राकृतिक संसाधनों का सही तरीके से उपयोग करें. उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों से कहा कि वे उन्नत बीजों और नई तकनीकों पर अनुसंधान करें ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके.
उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक वन मध्यप्रदेश में हैं, जो इस प्रदेश के लिए प्रकृति का अनमोल खजाना हैं. हर व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पेड़ लगाए और उसकी देखरेख करें. कार्यक्रम में कुलगुरू अरविन्द कुमार शुक्ला ने कृषि विश्व विद्यालय की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. कार्यक्रम में कलेक्टर बालागुरू के, एसपी दीपक कुमार शुक्ला तथा डीन मोहम्मद यासीन सहित विद्यार्थी तथा किसान उपस्थित थे. कार्यक्रम में उपस्थित कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी. उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और जब किसान खुशहाल होगा, तभी हर क्षेत्र में विकास संभव है. मंत्री कंसाना ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा खेती के विकास और किसानों के कल्याण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा रहा है. उन्होंने आयोजित कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया. प्रदर्शनी में तथा कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा उत्पादित विभिन्न फसलों, जैविक उत्पादों एवं नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया गया.
