अहमदाबाद, (वार्ता) जेसन होल्डर (चार विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के बाद साई सुदर्शन (57) और वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 40) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 46वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को चार विकेट से हरा कर अंक तालिका में शीर्ष चार में जगह बना ली है।
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में कप्तान शुभमन गिल (पांच) का विकेट गंवा दिया। उन्हें अर्शदीप सिंह ने आउट किया। इसके बाद जॉस बटलर ने साई सुदर्शन के साथ दूसरे विकेट लिए 53 रन जोड़े। नौंवे ओवर में विजयकुमार वैशक ने जॉस बटलर 22 गेंदों में 25 रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। निशांत सिंधु 15 को मार्कस स्टॉयनिस ने आउट कर गुजरात को तीसरा झटका दिया। 15वें ओवर में विजयकुमार वैशक ने साई सुदर्शन को अपना शिकार बना लिया। साई सुदर्शन ने 41 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 57 रनों की पारी खेली। 17वें ओवर में राहुल तेवतिया (दो) को मार्को यानसन ने आउट किया। 19वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने जेसन होल्डर (पांच) को आउटकर पंजाब को छठी सफलता दिलाई। गुजरात टाइटंस ने 19.5 ओवर में छह विकेट पर 167 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से अपने नाम कर लिया है। वॉशिंगटन सुंदर ने 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। वॉशिंगटन सुंदर 23 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 40 रनों की पारी खेली।
इससे पहले आज यहां सूर्यांश शेडगे (57) और मार्कस स्टॉयनिस (40) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ नौ विकेट पर 163 रनों का स्कोर बनाया। गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स को गुजरात के गेंदबाजी कहर का सामना करना पड़ा और उसने 47 रन के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिये। प्रियांश आर्य (दो) और कूपर कॉनली (शून्य) को मोहम्मद सिराज ने आउट किया। प्रभसिमरन सिंह (15) को कगिसो रबाड़ा ने अपना शिकार बनाया। नेहाल बढेरा (शून्य) और कप्तान श्रेयस अय्यर (19) को जेसन होल्डर ने आउट किया। ऐसे संकट के समय सूर्यांश शेडगे और मार्कस स्टॉयनिस की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी हुई। 16वें ओवर में रबाड़ा ने सूर्यांश शेडगे को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। शेडगे ने 29 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 57 रनों की पारी खेली।
18वें ओवर में जेसन होल्डर ने मार्कस स्टॉयनिस आउट किया। स्टॉयनिस ने 31 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 40 रन बनाये। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर होल्डर ने जेवियर बार्टलेट (शून्य) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर राशिद खान ने मार्को यानसन 11 गेंदों में (20) रन को आउट किया। पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 163 रनों का स्कोर खड़ा किया।
गुजरात टाइटंस के लिए जेसन होल्डर ने चार विकेट लिये। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को दो-दो विकेट मिले। राशिद खान एक बल्लेबाज को आउट किया।
