पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता रविवार पेठ में रहने वाले सुनार मोहम्मद तौफीक रज्जाक खान (36) ने बताया कि गत 10 अक्टूबर को शाम छह बजे से 8.15 बजे के बीच उनके घर की अलमारी से लगभग 2.2 किलोग्राम वज़न के और 2.20 करोड़ रुपये कीमत के सोने के गहने और बिस्कुट चोरी हो गए। उस समय वह और उनकी पत्नी घर से बाहर थे।
खड़क पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और घटना की जांच के लिए एक टीम बनाई गई।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सचिन हीरे और पुलिस उपायुक्त कृषिकेश रावले ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस ने आस-पास के इलाके से सीसीटीवी फुटेज चेक की और शिकायत करने वाले की घर की इमारत के पास दो संदिग्ध लोगों को देखा। जांच के दौरान मिले फुटेज और जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान स्क्रैप डीलर मुस्तफा नज़ीर शेख (36) और चाबी बनाने वाले सरफराज उर्फ़ आवेज मोइनुद्दीन शेख (22) के तौर पर हुई। दोनों रविवार पेठ के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आज बताया कि पुलिस ने 11 अक्टूबर को शाम करीब 5.30 बजे दोनों लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान उन्होंने कथित तौर पर चोरी में शामिल होने की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने बाद में चोरी के सोने के गहने और बिस्कुट बरामद किए। जिनका वज़न करीब 2.2 किलोग्राम था। पुलिस के बयान के मुताबिक 46 ग्राम सोना और ज़ब्त किया गया जिससे कुल बरामदगी करीब 2.246 किलोग्राम हो गई।
आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
