‘कंगन माई के’ का ट्रेलर रिलीज, आस्था और रहस्य के साथ दिखेगा दैवीय चमत्कार

मुंबई, 12 अक्टूबर (वार्ता) वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स लिमिटेड के बैनर तले बनी भोजपुरी फिल्म ‘कंगन माई के’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। निर्माता रत्नाकर कुमार और निर्देशक पराग पाटिल की इस फिल्म में माही श्रीवास्तव और अवधेश मिश्रा मुख्य भूमिकाओं में हैं। करीब तीन मिनट के ट्रेलर में गांव की आस्था, पारिवारिक टकराव, रहस्य, रोमांच और दैवीय चमत्कारों का संगम देखने को मिलता है। ट्रेलर की शुरुआत आसमान में उड़ते बाज और गांव की गलियों से होती है। इसके बाद जंगल के बीच स्थापित मां की भव्य प्रतिमा और पूजा-अर्चना के दृश्य फिल्म की धार्मिक पृष्ठभूमि को दर्शाते हैं। कहानी में एक कंगन को महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में दिखाया गया है।

ट्रेलर में पारिवारिक तनाव, महिलाओं के बीच टकराव, साजिश और रहस्यमय घटनाओं के साथ एक्शन के दृश्य भी शामिल हैं। काले वस्त्रों में मशाल लिए एक रहस्यमय किरदार, गुंडों से घिरी महिला, नीली दैवीय ऊर्जा और जंगल में मां की प्रतिमा के पास होने वाली घटनाएं रोमांच बढ़ाती हैं। नदी में छलांग और खेत में गिरे जलते विमान के दृश्य फिल्म को भव्यता प्रदान करते हैं। अंत में मां के साक्षात रूप में प्रकट होने की झलक दिखाई गई है।
निर्माता रत्नाकर कुमार ने कहा कि उनका प्रयास भोजपुरी दर्शकों के सामने ऐसी कहानियां लाना है, जिनमें मनोरंजन के साथ संस्कृति और परंपराओं की झलक भी हो। ‘कंगन माई के’ आस्था, रहस्य और दैवीय शक्ति से जुड़ी अलग तरह की कहानी है। फिल्म को बड़े स्तर पर बनाने का प्रयास किया गया है, जिससे दर्शकों को सिनेमाघरों में शानदार अनुभव मिल सके।

निर्देशक पराग पाटिल ने कहा कि फिल्म में आस्था, पारिवारिक रिश्तों, रहस्य और रोमांच को एक साथ पिरोया गया है। दृश्यांकन, लोकेशन, एक्शन और वीएफएक्स के जरिए कहानी को प्रभावशाली बनाने की कोशिश की गई है।
अभिनेत्री माही श्रीवास्तव ने कहा कि यह फिल्म उनके लिए खास है। इसमें दर्शकों को भावनाओं, आस्था और रहस्य से जुड़ी दिलचस्प कहानी देखने को मिलेगी। अपने किरदार को पर्दे पर जीवंत करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण और यादगार अनुभव रहा। फिल्म में माही श्रीवास्तव, अवधेश मिश्रा और विनीत विशाल के अलावा अनीता रावत, पुष्पेंद्र कुमार, सोनी राज, ईश्वर चंद्र मौर्य, पूजा दुबे, स्वीटी ओझा, श्वेता पांडेय, रती दास और रोहन कुमार पटेल भी नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी और पटकथा अरविंद तिवारी ने लिखी है। निवेदिता कुमार सह-निर्माता और कुलदीप श्रीवास्तव कार्यकारी निर्माता हैं। सिनेमैटोग्राफी आर.आर. प्रिंस, संपादन अभिनव मिश्रा, संगीत ओम झा और एक्शन निर्देशन हीरालाल यादव का है। फिल्म के गीत प्यारे लाल यादव, अमरेश भट्ट, ओम झा और राजेश पांडेय ने लिखे हैं। गीतों को इंदु सोनाली, प्रियंका सिंह, आलोक कुमार और सुगम सिंह ने आवाज दी है।
फिल्म का ट्रेलर वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है।

.....

Next Post

एचएमआर म्यूजिक ने पेश किया 'बरेली वाला झुमका'

Mon Oct 12 , 2026
मुंबई, 12 अक्टूबर (वार्ता) एचएमआर म्यूजिक ने नया रोमांटिक म्यूजिक वीडियो ‘बरेली वाला झुमका’ पेश किया है, जिसमें आकृति अग्रवाल और नवोदित कलाकार अनिकेत राज की जोड़ी नजर आ रही है।गाने को अमित मिश्रा और स्वाति शर्मा ने गाया है। इसका संगीत जयंत आर्यन ने तैयार किया है, जबकि गीत […]

You May Like

Play sound