जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय हाल ही में एलएलबी के छठवें सेमेस्टर की परीक्षा को स्थगित कर दिया है, इसका उद्देश्य एलएलबी पंचम सेमेस्टर 2024 में अनुत्तीर्ण घोषित हुए छात्रों को एक अतिरिक्त अवसर देने के उद्देश्य से सुपर एटीकेटी परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय उन छात्रों के हित में लिया गया है, जिनकी पांच वर्षीय विधि शिक्षा अवधि 2025 में पूरी हो रही है। उल्लेखनीय है कि एलएलबी छठवें सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा 3 जुलाई से शुरू होनी थी। जो अब सुपर एटीकेटी के चलते स्थगित हो गई है।
जल्द ही तिथि घोषित होने की संभावना
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा टलने के बाद छात्रों को भरोसा दिलाया गया है कि जल्द ही नई तिथियां घोषित की जाएंगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब जल्द ही परीक्षा विभाग द्वारा शेड्यूल तय किया जा रहा है,जिसके चलते पहले सुपर एटीकेटी की परीक्षाएं ली जाएंगी। जिसके बाद छठवें सेमेस्टर की परीक्षाओं का टाइम टेबल भी घोषित कर दिया जाएगा।
बार काउंसिल के एग्जाम वालों को करना होगा इंतजार
एलएलबी के छात्रों ने बताया कि छठवें सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होने ही वाली थी, लेकिन विश्वविद्यालय द्वारा पेपर स्थगित कर दिए गए हैं। अब जो छात्र यह सोच रहे थे कि एलएलबी बहुत कम समय की बची है और बार काउंसिल के एग्जाम की तैयारी कर रहे थे उन्हें और इंतजार करना होगा। छात्रों ने मांग की है कि विश्वविद्यालय इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश और परीक्षा की तिथि जल्द घोषित करे, ताकि वे आगे की योजना बना सकें।
