
नीमच। नीमच के केंट थाना इलाके में बुधवार देर शाम एक सडक़ हादसा हो गया। यह हादसा कनावटी स्थित ज्ञानोदय कॉलेज के पास निर्माणाधीन सिटी फोरलेन पर हुआ। ठेकेदार की लापरवाही के कारण जावद फांटे से घर लौट रहे कनावटी निवासी परसराम पिता बाबूलाल गाड़ी लोहार (22) की बाइक बेकाबू होकर पलट गई। सिर पर गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखा गया है। केंट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ठेकेदार ने नहीं किए इंतजाम
मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फोरलेन का काम कर रहे ठेकेदार ने सडक़ पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए थे। निर्माण स्थल पर न तो कोई साइन बोर्ड था और न ही रिफ्लेक्टर या रेडियम। अंधेरे में ठेकेदार की इसी लापरवाही के कारण युवक की जान चली गई।
घटना से नाराज मृतक के परिजन और कनावटी के ग्रामीण गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर में इक_ा हो गए। वे धरने पर बैठ गए। परिजनों की मांग है कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण हुए इस हादसे के लिए उस पर कार्रवाई की जाए। साथ ही, पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता भी दी जाए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं।
