
छिंदवाड़ा. जिले में अवैध रूप से भंडारित किए गए घरेलू गैंस सिलेंडर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आज भी खाद्य आपूर्ति विभाग ने बिछुआ क्षेत्र के खमारपानी में दबिश देकर 30 सिलेंडर बरामद किया है। बता दे कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चौरई तथा जिला आपूर्ति अधिकारी के निर्देशन में सहायक आपूर्ति अधिकारी बिछुआ सरफरोश खान द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर आज जिले की तहसील बिछुआ के ग्राम खमारपानी स्थित एम.पी. ऑनलाइन संचालक पवन बिसने, पिता तीरथ बिसने निवासी खमारपानी के निवास स्थल की जांच की गई। जांच के दौरान पवन बिसने के निवास के एक कमरे में अवैध रूप से भंडारित 14.2 किलोग्राम क्षमता के एचपीसीएल कंपनी के कुल 30 घरेलू गैस सिलेंडर मिले, जिनमें 15 भरे हुए एवं 15 खाली सिलेंडर शामिल थे। नियमानुसार जप्तीनामा तैयार कर सभी सिलेंडरों को जब्त किया गया। जब्त सिलेंडरों का अनुमानित मूल्य 80,475 रुपये बताया गया है। घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से संग्रहण पाए जाने पर पवन बिसने पिता तीरथ बिसने के विरुद्ध एचपीसीएल कंपनी के घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
