
तेहरान, 09 अगस्त (वार्ता) ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में नये समुद्री मार्ग की स्थापना को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गयी है, हालांकि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया है कि इसका मतलब रणनीतिक जलमार्ग को फिर से खोलना नहीं है। श्री अराघची ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले मौजूदा मार्गों की जगह नये मार्ग बनाये जाएंगे और विशेषज्ञ फिलहाल इनके नक्शों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खोला जा रहा है।” उन्होंने कहा कि जलडमरूमध्य को फिर से खोलना कई अन्य शर्तों की पूर्ति पर निर्भर करेगा। ये शर्तें मध्यस्थों के माध्यम से संबंधित पक्षों तक पहुंचा दी गयी हैं।
श्री अराघची ने ओमान के साथ चल रही बातचीत को पूरी तरह तकनीकी और कानूनी प्रकृति की बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य उन समुद्री मार्गों का निर्धारण करना है, जिन्हें पहली बार 1968 में स्थापित किया गया था। श्री अराघची ने कहा कि हालिया युद्ध ने इन मार्गों में बदलाव की आवश्यकता को स्पष्ट कर दिया है और ईरान तथा ओमान के विशेषज्ञ इस संबंध में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक बार नये समुद्री मार्ग निर्धारित हो जाने के बाद, जलडमरूमध्य को दोबारा खोले जाने की स्थिति में उनका इस्तेमाल किया जाएगा।
