बिना कर्ज लिए बैंक में दर्ज हो गया कर्ज, पीड़ित दो साल से परेशान

मंडला: जिले में लगातार ठगी के मामलों का खुलासा हो रहा है और पुलिस की सक्रियता से कई आरोपी सलाखों के पीछे हैं। इसी कड़ी में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें बिना कर्ज लिए ही एक व्यक्ति के नाम पर बैंक द्वारा 50 हजार रुपये का कर्ज दर्ज कर दिया गया है। यह मामला सकवाहपुरवा निवासी गगन कछवाहा से जुड़ा है, जो बीते दो वर्षों से इस गड़बड़ी से परेशान है।

गगन कछवाहा ने जब एक बैंक में कर्ज के लिए आवेदन दिया तो उनकी सिबिल रिपोर्ट में सामने आया कि उनके नाम पर आईडीबीआई बैंक, मंडला शाखा में खाता क्रमांक 1632651100000532 के जरिए 50 हजार रुपये का ऋण दर्ज है। जबकि पीड़ित का स्पष्ट कहना है कि न तो उन्होंने यह कर्ज लिया है, न ही उस बैंक में उनका कोई खाता संचालित है, और न ही वह किसी का गारंटर बने हैं।

जब इस मामले की शिकायत संबंधित बैंक से की गई तो प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि त्रुटि सुधार ली जाएगी। मगर दो साल बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। पीड़ित का आरोप है कि लिखित आवेदन बैंक ने स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद उन्होंने डाक के माध्यम से शिकायत प्रेषित की।इस अनजाने कर्ज की वजह से गगन को अन्य बैंकों से कर्ज या अन्य लाभ नहीं मिल पा रहे हैं।

अब उन्होंने पुलिस अधीक्षक एवं बैंक के उच्चाधिकारियों को शिकायत पत्र भेजकर मांग की है कि यह जांच की जाए कि उनके नाम पर यह कर्ज किसने और कैसे लिया। साथ ही उनके नाम से दर्ज कर्ज को हटाकर दोषियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए।पीड़ित की शिकायत पर बैंक ने आवेदन तो ले लिया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। गगन कछवाहा ने एसपी से हुई शिकायत के दौरान यह भी सवाल उठाया कि “क्या ऐसी ठगी की घटनाओं पर पुलिस कब संज्ञान लेगी ?”

Next Post

विशेष पिछड़ी जनजातियों को विकास की सबसे ज्यादा जरूरत : साय

Sun Aug 3 , 2025
रायपुर 03 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वालों और विशेष पिछड़ी जनजातियों को विकास की सबसे ज्यादा जरूरत है। श्री साय ने आज संपूर्णता अभियान में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आकांक्षी जिलों […]

You May Like