
छिंदवाड़ा. मुखबिर सूचना के आधार पर चौरई वृत्त के आबकारी अमले को एक बड़ी सफलता मिली है। आबकारी अमले ने दो शराब तस्करों को पकड़ कर उनके कब्जे से 297 पाव देशी शराब और एक दुपहिया वाहन जप्त किया। मुखबिर सूचना के आधार पर बीती देर रात्रि को उमरिया ईसरा चौराहे पर यात्री प्रतीक्षालय के पास दुपहिया वाहन सवारों को रोककर तलाशी ली तो एक नायलॉन के बड़े थैले, एक कपड़े के अंदर बांधकर रखी गई गत्ते की पेटी और गाड़ी की डिक्की में रखी देशी मसाला मदिरा के 297 पाव बरामद हुए जो कुल 53.46 बल्क लीटर शराब होना पाया गया। शराब का अवैध परिवहन कर रहे सतनूर निवासी दीपक गजभिए और गौरीशंकर उर्फ राजा पन्द्राम को गिरफ्तार किया गया है। जप्त शराब की मात्रा पचास लीटर से अधिक होने के कारण दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)क, 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर विवेचना आरम्भ कर दी गई है। जप्त मदिरा तथा वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 80000 है । इस कार्यवाही के दौरान वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, प्रधान आरक्षक राजकुमार यदुवंशी और आरक्षक भारती मरकाम उपस्थित रहे।
