लाहौर, (वार्ता) चैंपियंस ट्राफी का खुमार पाकिस्तान में चरम पर है और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ भी 19 फरवरी से शुरु होने वाले क्रिकेट के महाकुंभ से अछूते नहीं है।
शरीफ ने शुक्रवार रात लाहौर में नये सिरे से तैयार गद्दाफी स्टेडियम के उदघाटन के अवसर पर कहा कि भारत को हराना आसान नहीं होगा और पड़ोसी देश को क्रिकेट के मैदान पर शिकस्त देने के लिये पाकिस्तान की टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। गौरतलब है कि चैंपियंस ट्राफी में पाकिस्तान की भारत से भिड़ंत 23 फरवरी को दुबई में होगी।
शरीफ ने कहा, “ हमारी टीम बहुत अच्छी है और उसने हाल के दिनों में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उनके सामने अब वास्तविक चुनौती चैंपियंस ट्रॉफी जीतना ही नहीं बल्कि दुबई में होने वाले मैच में हमारे चिर प्रतिद्वंद्वी भारत को हराना होगा। पाकिस्तान की टीम को पूरे देश का समर्थन हासिल है।”
पाकिस्तान आज त्रिकोणीय श्रृखंला में न्यूजीलैंड का सामना कर रहा है। पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार 2021 में दुबई में टी20 विश्व कप में हराया था। पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी में गत चैंपियन के रूप में भाग लेगा। उसने इससे पहले 2017 में इंग्लैंड में आयोजित किए गए टूर्नामेंट में जीत हासिल की थी।
शरीफ ने कहा, “ यह पाकिस्तान के लिए बहुत बड़ा अवसर है क्योंकि हम लगभग 29 साल के बाद किसी आईसीसी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी टीम चैंपियंस ट्रॉफी में भी देश का सिर ऊंचा करेगी।”
गद्दाफी स्टेडियम का नवीनीकरण का कार्य 117 दिन में पूरा किया गया। इसके उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध गायक अली जफर, आरिफ लोहार और आइमा बेग ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया।
