
बागली, हरियाली अमावस्या के अवसर पर बुधवार सुबह धाराजी तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। फुहार वर्षा के बीच सुबह 4 बजे से ही भक्त नर्मदा स्नान के लिए पहुंचने लगे। समिति के आंकड़ों के अनुसार 500 से अधिक भक्तों ने स्नान, दान और पूजन का लाभ लिया।
*निशुल्क प्रसादी वितरण*
जटाशंकर सेवा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क पोहा प्रसादी का वितरण किया गया। क्षेत्रीय भक्तों के साथ-साथ बदनावर विधायक मुरली भंवरा, बोल बम कावड़ यात्रा के संयोजक गिरधर गुप्ता, शिव यादव सहित देवास, हाटपिपलिया, बागली, शाजापुर, सीहोर और जयनगर से आए भक्तों ने भी स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
*पीपरी में कन्या भोज का आयोजन*
हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर पीपरी स्थित मैया मनोकामेश्वरी नर्मदा मंदिर पर कन्या भोज आयोजित किया गया। कन्या भोज में बोल बम मंडल कावड़ यात्रा संघ बेहरी के सदस्य, मनीष गुप्ता और सचिन पटेल का सहयोग रहा।
*बरसात में भी जारी रही कावड़ यात्रा*
मैया नर्मदा के तट से ग्राम पीपल पाटी के महेश खोड़े के नेतृत्व में 15 युवा कावड़ियों ने कावड़ में जल भरकर पैदल यात्रा शुरू की। ये कावड़िए अपने ग्राम पीपल पाटी पहुंचकर शिवालय में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
बरसते पानी के बावजूद आस्था कम नहीं हुई। विभिन्न गांवों के लगभग 250 कावड़ यात्रियों ने आज कलशों में जल भरकर कावड़ यात्रा प्रारंभ की। सभी अपने-अपने ग्रामों के शिवालय पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। कावड़ियों का आज रात का विश्राम पीपरी में रहेगा।
