
सिंगरौली । नगर पालिक निगम क्षेत्र सिंगरौली में सीवरेज पाइप लाइन कार्यो में की गई लीपापोती किसी से छुपी हुई नही है। निर्धारित मापदंड के अनुरूप कार्य नही कराया गया है, यह सब भलीभांति जानते हैं। एक और उदाहरण गनियारी एस्सार टाउनशीप मार्ग का है, जहां फिर से सड़क धस गई है।
दरअसल सीवरेज पाइप लाइन के ठेकेदार ने निर्धारित मापदंड एवं शर्तो के अनुरूप पीसीसी के साथ-साथ डामरीकरण सड़को का कार्य नही कराया। लिहाजा बारिश शुरू होते ही सीवरेज पाइप लाइन के सड़के धसकते हुये,गड्ढों में तब्दील हो जा रही है। गनियारी विश्वकर्मा मोहल्ला के बाद अब एस्सार टाउनशीप एवं मारूति कार रिपेयर एजेंसी के समीप सड़क धस गई है। आलम यह है कि सड़क जहां धसी है, वहीं से कॉलोनी में जाने का रास्ता है। अंदेशा है कि यदि बड़े वाहन गुजरे तो, उनके पहिए सीवरेज के क्षतिग्रस्त सड़क में धसने की पूरी आशंका है। यह मोहल्ले वासियों का आरोप है कि गुणवत्ता विहीन कार्य को सीवरेज के ठेकेदार ने कराया है, जिसके चलते पहली बारिश में ही धसकने लगी है। सीवरेज ठेकेदार ने सड़को के मरम्मत कार्य में लीपापोती करते हुये महज खानापूर्ति किया है। यहां के मोहल्ले वासियों ने निगमायुक्त का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है।
