
सौसर, शहर से लगे रिहायशी क्षेत्र में एक बार फिर वन्यजीवों की हलचल बढ़ने से नागरिकों में भारी दहशत का माहौल है। लंबे समय के शांत अंतराल के बाद क्षेत्र में तेंदुए का मूवमेंट देखा गया है, जिसने वन विभाग और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
*खेत में कुत्ते का किया शिकार*
जानकारी के अनुसार, शहर से लगी मसोबा देव कॉलोनी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब किसान श्रीराम नींबूलकर के खेत में एक तेंदुए ने दस्तक दी। तेंदुए ने वहाँ मौजूद एक पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया। सुबह जब घटना की जानकारी लगी, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
*वन अमले ने पगमार्क से की तेंदुए की पुष्टि*
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। वन अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जाँच के दौरान टीम को जमीन पर वन्यजीव के पगमार्क मिले। वन अमले ने पगमार्क की बारीकी से जांच करने के बाद आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि यह मूवमेंट तेंदुए का ही है।
*वन विभाग की अपील:*
तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद वन विभाग ने मसोबा देव कॉलोनी और आसपास के खेत मालिकों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। रेंज ऑफिसर शिवशंकर चतुर्वेदी ने नागरिकों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले खेतों की तरफ न जाएं, बच्चों को घरों में सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध हलचल पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें। गौरतलब हो कि सुबह इस क्षेत्र में लोग बड़ी तादाद में मॉर्निंग वॉक करते है।
