प्रशासन की अनदेखी,अब ग्रामीण स्वयं करेंगे गांव को नशा मुक्त

​सौसर: क्षेत्र के ग्राम भूम्मा,विस्थापन टोला और नदेवानी में अवैध कच्ची शराब के बढ़ते कारोबार और प्रशासन की अनदेखी से तंग आकर अब ग्रामीणों ने स्वयं ही कमान संभाल ली है। पिछले एक वर्ष से हाथ भट्टी और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बावजूद, जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों ने मिलकर नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की है।
​पुलिस और आबकारी विभाग पर ‘सांठ-गांठ’ के आरोप:
​ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध शराब विक्रेताओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सरेआम महिलाओं को धमकी देते हैं। शराब माफियाओं का कहना है कि उनका महीना बंधा हुआ है,इसलिए उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। हैरानी की बात यह है कि महिलाओं ने स्वयं निगरानी कर अवैध शराब पकड़ी और उसे मोहगांव थाने के सुपुर्द किया, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक न तो जब्ती पर कोई केस बनाया गया और न ही शराब माफियाओं के विरुद्ध कोई एक्शन लिया गया।
महिलाओं की सुरक्षा पर बना खतरा:
​विस्थापन टोला और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति इतनी विकट है कि पूरी रात शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। मोहगांव और अन्य दूरदराज के क्षेत्रों से लोग यहाँ शराब पीने आते हैं, जिससे गांव की शांति भंग हो रही है। नशे में धुत असामाजिक तत्वों द्वारा महिलाओं और बच्चियों के साथ अभद्रता की जा रही है, जिससे ग्रामीण अपने ही गांव में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
एक सप्ताह का अल्टीमेटम, धरने की चेतावनी:
​नाराज ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने पूर्व में कलेक्टर, एसपी, एसडीएम सौसर और मोहगांव थाने को लिखित शिकायतें दी हैं, लेकिन आबकारी विभाग की टीम आज तक गांव नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने अब प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
बहरहाल सात दिनों के भीतर अवैध शराब के अड्डों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्त ग्रामीण एसपी कार्यालय पांढुर्णा के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। महिला समूह की राधा कुमरे और रामप्यारी उईके ने नवभारत से चर्चा में बताया कि जब शासन-प्रशासन हमारी सुरक्षा और गांव की शांति के लिए कदम नहीं उठा रहा, तो हमें स्वयं अपनी रक्षा के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। हम अपने गांव को नशा मुक्त बनाकर ही दम लेंगे। इधर सूत्रों के मुताबिक सीएम के आगामी सौसर प्रस्तावित दौरे में महिला समूह अपनी अपनी भावनाओं को उनके समक्ष रखने के मूड में है।

Next Post

नाबालिग को खेत पर लगा करंट, हुई मौत

Sun Mar 22 , 2026
रतलाम: सैलाना थाना क्षैत्र अंतर्गत ग्राम नयापाड़ा में एक 15 वर्षीय नाबालिग युवक करंट की चपेट में आ गया, जिसके कारण अचेत हो गया। परिजन उसे तुरंत नजदीक के अस्पताल ले गये जहा डॉक्टर ने जांच कर युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही […]

You May Like