हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनेगा 77वाँ गणतंत्र दिवस

ग्वालियर। गौरवशाली भारतवर्ष का 77वाँ गणतंत्र दिवस जिले में हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमा के साथ मनाया जायेगा। जिला मुख्यालय पर कम्पू स्थित एस.ए.एफ. मैदान पर मुख्य समारोह आयोजित होगा। गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर होंगे। विधानसभा अध्यक्ष तोमर समारोह में प्रात: 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे और संयुक्त परेड की सलामी लेंगे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि तोमर द्वारा प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जायेगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों एवं लोकतंत्र सैनानियों का सम्मान भी मुख्य अतिथि द्वारा किया जायेगा। साथ ही स्कूली बच्चों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी समारोह का मुख्य आकर्षण होंगे। इस अवसर पर आकर्षक विभागीय झाँकियाँ भी निकलेंगीं।

भारतीय गरिमा के शीर्ष उत्सव गणतंत्र दिवस की वर्षगाँठ पर जिला मुख्यालय समेत विकास खण्ड, तहसील और ग्राम स्तर पर राष्ट्रीयता की भावना पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे और शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा।

कम्पू खेल परिसर के सामने स्थित माध्यमिक विद्यालय के बच्चों के साथ करेंगे सुरूचि भोज

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के बाद कम्पू खेल परिसर के सामने एवं हजार बिस्तर अस्पताल के बगल में स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय पहुँचेंगे। तोमर यहां पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत बच्चों के साथ सुरूचि पूर्ण भोज में शामिल होंगे।

संयुक्त राजस्व भवन में संभाग आयुक्त और कलेक्ट्रेट में कलेक्टर करेंगीं ध्वजारोहण

गणतंत्र दिवस पर संभाग आयुक्त कार्यालय (संयुक्त राजस्व भवन) में प्रात: 8.15 बजे संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री और कलेक्ट्रेट में प्रात: 8 बजे कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ध्वजारोहण करेंगी। इस मौके पर विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे। इसी तरह जिला पंचायत, जिले के सभी जनपद पंचायत के मुख्यालयों, नगर निगम ग्वालियर सहित जिले के सभी नगरीय निकायों मे शान के साथ तिरंगा फहराया जायेगा।

गणतंत्र दिवस पर रोशनी से जगमग रहेंगे शासकीय भवन

गणतंत्र दिवस की संध्या पर महत्वपूर्ण शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के ऐतिहासिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा और रात्रि में रोशनी की जायेगी ।

Next Post

पद्म सम्मान सूची जारी: रोहित शर्मा और हरमनप्रीत को पद्मश्री सम्मान

Sun Jan 25 , 2026
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देश-विदेश की प्रतिष्ठित हस्तियों की पद्म सम्मान सूची जारी कर दी है। इस सूची में कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, समाज सेवा, प्रशासनिक सेवा सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़ी विभूतियों के नाम शामिल हैं। […]

You May Like