रंगों का महापर्व: कल धूमधाम से मनेगी होली, बाजारों में सजी रंग-गुलाल और पिचकारियों की दुकानें

सिंगरौली। ऊर्जा नगरी सिंगरौली में रंगों का महापर्व होली कल दिन बुधवार 4 मार्च को पूरे हर्षोल्लास, उमंग और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा। इसके एक दिन पूर्व सोमवार की रात जिले भर में श्रद्धा और आस्था के साथ होलिका दहन किया गया। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की तथा बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश आत्मसात किया। होलिका दहन स्थलों पर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई।

होली को लेकर जिला मुख्यालय बैढ़न से लेकर ग्रामीण अंचलों तक बाजारों में खास उत्साह नजर आ रहा है। रंग-गुलाल, अबीर, पिचकारी, मुखौटे और तरह-तरह की रंगीन सामग्री से दुकानें सजी हुई हैं। बच्चे अपनी पसंद की पिचकारी और रंग खरीदने में जुटे हैं तो युवा वर्ग भी त्योहार की तैयारियों में पीछे नहीं है। मिठाई की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ने लगी हैं और विभिन्न प्रकार की पारंपरिक मिठाइयों की बिक्री तेज हो गई है। घरों में भी होली की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। महिलाओं ने गुजिया, मालपुआ, दही बड़ा, नमकीन, पापड़ और अन्य लजीज पकवान बनाना शुरू कर दिया है। रसोई से उठती खुशबू पूरे माहौल को उत्सवमय बना रही है। परिवार के सदस्य मिलकर साफ.-सफाई और सजावट में जुटे हैं। बच्चों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है, जो सुबह से ही होली के रंगों और मस्ती की बातें कर रहे हैं। पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले के विभिन्न थानों की पुलिस ने सोमवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को शांति और सौहार्द के साथ होली मनाने का संदेश दिया। हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील इलाको में रहेगी पुलिस की नजर

सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर के संवेदनशील इलाकों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीण अंचलों में भी अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है, ताकि कहीं भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीण क्षेत्रों में होली का पारंपरिक रंग विशेष रूप से दिखाई दे रहा है। देवसर, चितरंगी, माड़ा, लंघाडोल और सरई क्षेत्रों में फाग गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। ढोलक, मंजीरे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर ग्रामीण फाग गाते हुए एक-दूसरे को होली की बधाई दे रहे हैं। गांवों में आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे का अनूठा दृश्य देखने को मिल रहा है।

प्रशासन सतर्क, हुड़दंगियों को हिदायत

सिंगरौली जिले में होली का पर्व वर्षों से आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता और प्रेम का संदेश देता आया है। यहां लोग गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को रंग लगाते हैं, गले मिलते हैं और मिठाइयां बांटते हैं। प्रशासन की सतर्कता और नागरिकों के सहयोग से इस वर्ष भी होली शांति, उल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाई जाएगी। जिलेवासियों का विश्वास है कि सिंगरौली में होली की यह परंपरा आगे भी इसी तरह प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देती रहेगी। साथ ही प्रशासन ने हुड़दंगियों को भी कड़े हिदायत दी है। इधर ग्रामीण व शहरी अंचलों में आज से ही रंग-गुलाल की धूम मच गई है। साथ ही जगह-जगह रात भर पिछले एक पखवाड़े से होली के गीत, ढोलक व झांझ-मजीरे की आवाज सुनाई दे रही है और आज और कल होली की फगुआ गीत सुनाई देगी।

Next Post

REC Limited को नेशनल लीडरशिप समिट एंड अवार्ड्स 2026 में दो सम्मान

Tue Mar 3 , 2026
मुंबई। REC Limited, जो विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत एक महारत्न सीपीएसई और अग्रणी एनबीएफसी है, ने 27 फरवरी को मुंबई स्थित बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में आयोजित नेशनल लीडरशिप समिट एंड अवार्ड्स 2026 में दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। आरईसी लिमिटेड के पूर्व निदेशक (वित्त) एवं […]

You May Like