
जबलपुर । आगामी गुरुवार 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलने वाले चैत्र नवरात्रि पर्व के दौरान यात्रियों को शुद्ध व सात्विक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। नवरात्रि के मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों, खासकर व्रतधारियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। ट्रेनों के पेंट्रीकार में बिना लहसुन व प्याज का शुद्ध सात्विक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यात्री अपनी इच्छा के अनुसार यह भोजन आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
विशेष थाली का मेन्यू
पहली थाली : फल, पकौड़ी और दही
दूसरी थाली : पराठा, साबूदाना खिचड़ी व तीन प्रकार की सब्जियां
तीसरी थाली : आलू की सब्जी, दो पराठे व साबूदाने की खीर
चौथी थाली : आलू व पनीर पराठा
फलाहार में कुट्टू की पकौड़ी, दही, साबूदाना खिचड़ी, खीर, सिंघाड़ा व व्रत मसाले से बने व्यंजन भी शामिल हैं।
गुरुवार से लागू होगा सिस्टम
यह व्यवस्था नवरात्रि के पहले दिन से ही लागू कर दी जाएगी। रेलवे ने स्टेशनों पर संचालित खानपान स्टाल संचालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे नवरात्रि के दौरान अपने मेनू में बदलाव करें। बता दें कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करते हैं। ऐसे में उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना रेलवे की प्राथमिकता है। वही कैटरिंग स्टाफ को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि भोजन पूरी तरह सात्विक और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही तैयार किया जाए। ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को फल, जूस, दूध व विभिन्न प्रकार के फलाहार उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही विशेष व्रत थाली भी दी जाएगी। व्रत रखने वाले यात्रियों के लिए सेंधा नमक से तैयार आलू-जीरा, साबूदाने की खीर और अन्य सात्विक व्यंजन उपलब्ध रहेंगे। नाश्ते में केला, सेब सहित अन्य फल दिए जाएंगे।
