सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के ने टीएल बैठक में सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पेयजल व्यवस्था, गैस सिलेंडरों की आपूर्ति, स्कूलों में किताबों की मनमानी और सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया.
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए. आवश्यकता पडऩे पर निजी बोरवेल अधिग्रहित किए जाएं तथा पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने पेयजल शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 24 घंटे सक्रिय रखने को कहा.
कलेक्टर ने फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि नरवाई जलाने से पर्यावरण को नुकसान होता है तथा मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है. किसानों को जागरुक करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया. नए शिक्षा सत्र को देखते हुए उन्होंने स्कूलों और दुकानदारों द्वारा किताबों को लेकर की जा रही मनमानी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि अभिभावकों को किसी एक दुकान से किताब खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा और शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. बैठक में कलेक्टर ने गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए. राजस्व प्रकरणों जैसे नामांतरण, बंटवारा व सीमांकन के मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के लिए राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया. गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने, पशुओं के लिए चारा-पानी की व्यवस्था करने और स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया.
