सीहोर। दोराहा क्षेत्र के ग्राम सतपोन में बन रहे बूचडख़ाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश निर्मित है. सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और उस स्थान से बूचडख़ाना हटाने की मांग की गई है. ग्रामीणों का कहना है कि बूचडख़ाना निर्माण से गांव की धार्मिक, सामाजिक भावनाएं आहत हो रही हैं. इसी तरह यह निर्माण बिना अनुमति किया जा रहा है. इस दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी भी की.
कलेक्ट्रेट पहुंचे जिला सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष एलम सिंह दांगी और भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नारेबाजी की और कहा कि वे किसी भी स्थिति में बूचडख़ाना निर्माण नहीं होने देंगे. उनकी मांग है कि प्रशासन निर्माण की अनुमति और उद्देश्य की स्पष्टता सार्वजनिक रूप से बताए. इसको लेकर जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है, गत दिनों भी ग्रामीणों ने इसका विरोध किया था.
