गीता दत्त की आवाज के दीवाने थे लाखों लोग, गुरु दत्त से शादी के बाद बदल गई जिंदगी

मुंबई, गीता दत्त ने महज 16 साल की उम्र में प्लेबैक सिंगिंग शुरू की थी। डेब्यू फिल्म में उन्हें सिर्फ चार लाइनें मिलीं, लेकिन ‘मेरा सुंदर सपना बीत गया’ ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया।

Geeta Dutt Birth Anniversary Special Story: हिंदी सिनेमा की मशहूर प्लेबैक सिंगर गीता दत्त अपनी सुरीली आवाज और सदाबहार गीतों के लिए आज भी याद की जाती हैं। ‘बाबूजी धीरे चलना’, ‘मेरा सुंदर सपना बीत गया’, ‘वक्त ने किया क्या हसीं सितम’ और ‘जाने कहां मेरा जिगर गया जी’ जैसे गानों ने उन्हें संगीत की दुनिया में खास पहचान दिलाई। गीता दत्त का जन्म 23 नवंबर 1930 को हुआ था। उनकी जयंती के मौके पर आइए जानते हैं उनकी जिंदगी, करियर और निजी जीवन से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।

गीता दत्त का असली नाम गीता रॉय चौधरी था। उनका जन्म पूर्वी बंगाल के फरीदकोट जिले के इदलापुर गांव में हुआ था। उनके पिता देवेंद्र नाथ चौधरी गांव के जमींदार थे, जबकि मां अमया रॉय चौधरी को संगीत और शायरी का शौक था। गीता अपने 10 भाई-बहनों में से एक थीं और उन्हें संगीत में रुचि अपनी मां से मिली थी। साल 1942 में जब गीता करीब 12 साल की थीं, तब उनके पिता परिवार के साथ मुंबई आकर बस गए। यहां उन्होंने एंग्लो बंगाली स्कूल में पढ़ाई की और पंडित हीरेंद्रनाथ चौधरी से संगीत की शिक्षा ली।

डेब्यू फिल्म में गाने को मिली थीं सिर्फ चार लाइनें
मुंबई में उनके घर के पास संगीतकार हनुमान प्रसाद का आना-जाना था। एक दिन उन्होंने गीता की आवाज सुनी और उनके माता-पिता को उन्हें फिल्मों में गाने का प्रशिक्षण दिलाने की सलाह दी। इसके बाद हनुमान प्रसाद ने उन्हें संगीत की शिक्षा दी। साल 1946 में हनुमान प्रसाद ने फिल्म ‘भक्त प्रह्लाद’ से गीता को प्लेबैक सिंगिंग का मौका दिया। हालांकि, इस फिल्म में उन्हें दो गानों में सिर्फ दो-दो लाइनें गाने का अवसर मिला था। इसके अगले ही साल फिल्म ‘दो भाई’ के गाने ‘मेरा सुंदर सपना बीत गया’ ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई। इस फिल्म का संगीत एसडी बर्मन ने दिया था।

गुरु दत्त से शादी और आखिरी फिल्म
साल 1953 में गीता ने अभिनेता और निर्देशक गुरु दत्त से शादी की। इसके बाद उन्होंने अपना नाम गीता रॉय चौधरी से बदलकर गीता दत्त कर लिया। दोनों की जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार गीत दिए।

गीता दत्त की बतौर प्लेबैक सिंगर आखिरी फिल्म ‘अनुभव’ थी, जो 1971 में रिलीज हुई थी। इसका संगीत कनु रॉय ने तैयार किया था। 20 जुलाई 1972 को लिवर सिरोसिस के कारण मुंबई के हरिकृष्ण दास अस्पताल में उनका निधन हो गया। महज 41 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली गीता दत्त की आवाज आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में जिंदा है।

 

Next Post

दो दिन नया मोहल्ला में ठहरे थे तीनों अफगानी

Mon Nov 23 , 2026
जबलपुर। फर्जी भारतीय पासपोर्ट के मामले में रिमांड में लिए गए अफगानियो ने नए राज उगले है। तीनों बंगाल से 2024 में फर्जी पासपोर्ट बनवाने के इरादे से जबलपुर आए थे और नया मोहल्ला में दो दिन ठहरे थे इसके बाद दमोह पासपोर्ट कार्यालय मेंं उनके जाली पासपोर्ट बने थे। […]

You May Like