राइजिंग स्टार्स एशिया कप में कल यूएई से भिड़ेगी भारतीय ए टीम

दोहा, एसीसी पुरुष एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत ए का सामना मंगलवार, 24 नवंबर को यूएई से होगा। आइए जानते है दोहा में खेले जाने वाले इस अहम वनडे मुकाबले के पूरी जानकारी।

एसीसी पुरुष एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का रोमांच अब अपने आखिरी ग्रुप चरण में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट के 11वें मुकाबले में मंगलवार, 24 नवंबर को तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारतीय ए टीम का सामना संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से होने जा रहा है।

सेमीफाइनल की दौड़ को देखते हुए ग्रुप-बी का यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है। पाकिस्तान ए के खिलाफ पिछले मैच में मिली हार के बाद टीम इंडिया ए इस मुकाबले में जीत दर्ज कर जोरदार वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

कहां और कब खेला जाएगा मुकाबला?
आपको बता दें कि भारत ए और यूएई के बीच यह 50 ओवर का मुकाबला कतर की राजधानी दोहा के यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। स्थानीय समयानुसार मैच की शुरुआत सुबह 9:00 बजे होगी, जबकि भारतीय समयानुसार यह मैच सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। टॉस मैच शुरू होने से ठीक आधा घंटा पहले यानी सुबह 11:00 बजे होगा।

कहां देख सकेंगे लाइव प्रसारण और स्ट्रीमिंग?
क्रिकेट फैंस इस मुकाबले का सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स टेन नेटवर्क के चैनलों पर देख सकते हैं। इसके अलावा, मोबाइल और लैपटॉप पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। वहीं इसके अलावा मैच से जुड़े ताजा स्कोर और लाइव अपडेट्स के लिए फैंस नवभारत लाइव ब्लॉग पर नजर रख सकते हैं।

दोनों टीमों के लिए जीत क्यों है जरूरी?
ग्रुप-बी में भारत ए ने अब तक दो मैच खेले हैं, जिसमें उसे नेपाल के खिलाफ 306 रनों की बड़ी जीत मिली थी, जबकि पाकिस्तान ए के हाथों 48 रनों से हार झेलनी पड़ी। बेहतर नेट रन रेट (+2.580) के साथ भारत फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।

ऐसे में यूएई को हराकर भारत अपनी सेमीफाइनल की सीट पक्की करना चाहेगा। दूसरी ओर, शुरुआती दोनों मैच हार चुकी यूएई की टीम सम्मान बचाने और उलटफेर करने के उद्देश्य से मैदान में उतरेगी।

दोनों टीमों का पूरा स्क्वाड
टीम इंडिया ए: तिलक वर्मा (कप्तान), अभिषेक शर्मा, आयुष बदोनी, रिंकू सिंह, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, वैभव सूर्यवंशी, शाहबाज अहमद, तनुष कोटियन, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, अरशद खान, विप्रज निगम, हर्षित राणा और प्रिंस यादव।

संयुक्त अरब अमीरात (UAE): हरप्रीत सिंह भाटिया, अंश टंडन, बासिल हमीद, अर्यांश शर्मा, ओमिद रहमान, जाहिद अली, नूर अयूबी, एथन कार्ल डिसूजा, मुहम्मद शाहदाद, उद्दिश सूरी, मुहम्मद मोहसिन, अवैस अली शाह, अयान मिस्बाह, मुहम्मद आफताब आलम जहीर शाह, सोहैब खान और इबरार शाह अहमद।

Next Post

H-1B Visa पर सख्ती का असर अमेरिकी नौकरियों पर भी पड़ सकता है?

Mon Nov 23 , 2026
अमरीका, H-1B वीजा पर सख्ती से सिर्फ विदेशी पेशेवरों के अवसर ही नहीं, अमेरिकी नौकरियां भी प्रभावित हो सकती हैं। कैटो इंस्टीट्यूट के शोध में विदेशी कुशल कर्मचारियों और कंपनियों के प्रदर्शन के बीच क्या संबंध सामने आया, जानिए। अमरीका में एच-1बी वीजा को लेकर सख्ती की कोशिशों के बीच […]

You May Like