घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी से लोग परेशान, इंदौर में इंडक्शन चूल्हों की बढ़ी मांग

इंदौर:शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गैस एजेंसियों पर समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है. रविवार को भी कई गैस एजेंसियां खुली होने के बावजूद लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाए, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली.जानकारी के अनुसार शहर के कई क्षेत्रों में उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें एक-दो दिन बाद आने के लिए कहा गया. गैस एजेंसी संचालकों द्वारा बार-बार तारीख आगे बढ़ाने से लोग झुंझलाए हुए नजर आए।

कई उपभोक्ता एजेंसी के बाहर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा. घरेलू गैस की कमी का असर अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ने लगा है. कई परिवारों को खाना बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं कुछ लोगों ने गैस खत्म होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था तलाशना शुरू कर दिया है. गैस की कमी के चलते शहर के बाजारों में इन दिनों इंडक्शन चूल्हों की मांग तेजी से बढ़ गई है। इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है. लोग गैस का विकल्प मानकर इंडक्शन चूल्हे खरीद रहे हैं. इसके साथ ही इंडक्शन पर इस्तेमाल होने वाले विशेष बर्तनों की बिक्री भी बढ़ गई है।

बिना मोलभाव किए खरीद रहे
इंडक्शन और इन्फ्रा चूल्हे बेचने वाले व्यापारी जितेंद्र राहिज ने बताया कि गैस सिलेंडरों की कमी के कारण ग्राहकों का रुझान तेजी से इंडक्शन चूल्हों की ओर बढ़ा है. उन्होंने बताया कि पहले जहां केवल 5 से 10 प्रतिशत ग्राहक ही इंडक्शन चूल्हे खरीदते थे, वहीं पिछले एक सप्ताह से लगभग 90 प्रतिशत ग्राहक इंडक्शन को प्राथमिकता दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि अचानक मांग बढ़ने के कारण बाजार में इंडक्शन और इन्फ्रा चूल्हों की कमी भी देखने को मिल रही है. ग्राहक बिना ज्यादा मोलभाव किए ही इन्हें खरीद रहे हैं. बाजार में इंडक्शन चूल्हों की कीमत करीब 1500 रुपये से लेकर 6000 रुपये तक है.

सिलेंडर मिलने में आ रही दिक्कत
शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर प्रशासन की ओर से दावे किए जा रहे हैं कि आपूर्ति सामान्य है, लेकिन जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को अब भी सिलेंडर मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में लोग मजबूरी में गैस के विकल्प के रूप में इंडक्शन चूल्हों का सहारा ले रहे हैं

Next Post

महंगाई और गैस संकट के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

Tue Mar 17 , 2026
बुधनी। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कालाबाजारी के विरोध में सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने तहसील कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया. कार्यकर्ता खाली गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए गैस की आपूर्ति सुचारू करने व महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई. प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस […]

You May Like