इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र में छोटे भाई ने अपनी ही मां के कपड़ों और दैनिक उपयोग के सामान को लेकर हुए विवाद में अपने बड़े भाई पर कैंची से हमला कर दिया. शराब के नशे में धुत छोटे भाई ने न केवल मारपीट की, बल्कि बड़े भाई को भविष्य में घर आने पर जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस ने घायल भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है.पुलिस के मुताबिक, फरियादी मेघराज पिता मोतीलाल मरमट (58) निवासी वैभव नगर कनाड़िया रविवार सुबह करीब 10:30 बजे चितावद रोड स्थित अपने छोटे भाई रविन्द्र के घर पहुँचे थे.
मेघराज अपनी माताजी के दैनिक उपयोग का सामान और कपड़े लेने वहाँ आए थे. इसी दौरान छोटा भाई रविन्द्र शराब के नशे में धुत होकर घर पहुँचा.जैसे ही मेघराज ने माताजी का सामान ले जाने की बात कही, रविन्द्र आपा खो बैठा और गालियां देने लगा. जब मेघराज ने उसे अभद्रता करने से मना किया, तो रविन्द्र घर के अंदर से सिलाई वाली कैंची उठा लाया और मेघराज के दाहिने हाथ पर दे मारी.
हमले में मेघराज का हाथ कट गया और काफी खून बहने लगा. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए, जिन्होंने बीच-बचाव किया.वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी रविन्द्र शांत नहीं हुआ. उसने घायल बड़े भाई को धमकी दी कि “अगर आइंदा तू मेरे घर पर आया या यहाँ दिखने की कोशिश की, तो तुझे जान से खत्म कर दूँगा.” हमले के बाद पीड़ित मेघराज सीधे भंवरकुआं थाने पहुँचे और आपबीती सुनाई.
