इंदौर:हीरानगर थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. रेडीमेड कॉम्प्लेक्स के समीप पानी पताशे का ठेला लगाने वाले एक युवक ने जब बदमाशों को दुकान के पास पेशाब करने से मना किया, तो उन्होंने उस पर हमला कर दिया. हमले के दौरान बीच-बचाव में एक इनोवा कार का कांच भी टूट गया. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके साथी फरार हैं.पुलिस के मुताबिक, फरियादी शशीकांत पिता गोटीराम चौधरी निवासी परदेशीपुरा.रेडीमेड कॉम्प्लेक्स के पास पानी पताशे का ठेला लगाता है.
शनिवार शाम आरोपी साहिल तिवारी निवासी लक्ष्मीपुरी कॉलोनी एक नाबालिग साथी और उनके दो अन्य साथी अंकित शर्मा व छोटू शर्मा वहां पहुँचे. आरोपी शशीकांत के ठेले के बिल्कुल बगल में पेशाब करने लगे. जब शशीकांत ने यह कहते हुए विरोध किया कि यहाँ खाने-पीने की दुकान है, तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी.विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने शशीकांत के साथ हाथ-थप्पड़ से मारपीट शुरू कर दी.
इसी बीच आरोपियों के एक साथी ने शशीकांत पर डंडे से वार करने का प्रयास किया. शशीकांत तो बच गया, लेकिन वह डंडा पीछे खड़ी इनोवा कार एमपी 09 डीसी 8989 के पिछले कांच पर जा लगा, जिससे कांच चकनाचूर हो गया.बदमाशों के उग्र रूप को देख शशीकांत अपनी जान बचाकर पास ही चल रही भागवत कथा के पंडाल में जा घुसा. हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भागने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद इनोवा कार के ड्राइवर और राहगीरों ने हिम्मत दिखाकर साहिल तिवारी और उसके नाबालिग साथी को पकड़ लिया, जबकि अंकित और छोटू भागने में सफल रहे.
