सीहोर। देर रात आसमान से बरसी आफत की बारिश ने सीहोर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में जमकर तबाही मचाई. कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए तो नदी-नालों के उफान से खेत तालाब में तब्दील हो गए. मंगलवार को जब खेतों से पानी कम हुआ तो बारिश और तेज बहाव से हुए नुकसान की भयावह तस्वीर सामने आई. कहीं खड़ी सोयाबीन की फसल पानी के तेज बहाव में उखड़कर बह गई तो कहीं फसल के फूल झडऩे से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा.
गौरतलब है कि रविवार की देर रात सीहोर और श्यामपुर तहसील में अतिवर्षा ने आमजन को प्रभावित कर दिया था. रात भर में श्यामपुर में 210 एमएम बारिश ने कई कच्चे मकानों को जमींदोज कर दिया था तो खेतों को तालाब में तब्दील कर दिया था. अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय ने दौरा किया. उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर किसानों के खेतों में हुए नुकसान का जायजा लिया और किसानों से चर्चा की. विधायक श्री राय ने किसानों को आश्वस्त किया कि अतिवृष्टि से हुए फसल नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और नियमानुसार फसल नुकसान की पाई-पाई का मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छतरी क्षेत्र में ही करीब 150 किसानों की लगभग 700 एकड़ सोयाबीन की फसल पानी के तेज बहाव में उखड़कर बर्बाद हो गई. किसानों के अनुसार खेतों में खड़ी फसल देखते ही देखते पानी के बहाव की चपेट में आ गई। कई खेतों में फसल पूरी तरह जमीन पर बिछ गई, जबकि कुछ खेतों में फसल बह गई.बारिश थमने के बाद खेतों से पानी उतरने लगा है, लेकिन पानी के साथ किसानों की मेहनत भी बह गई. अब किसानों की नजर प्रशासन की ओर है.
इन गांवों में भी पहुंचा फसलों को नुकसान
रविवार की रात हुई अतिवृष्टि और नदी-नालों के उफान से सीहोर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम श्यामपुर, दोराहा, गोपालपुरा, खस्ताखेड़ी, हथियाखेड़ा, हिनौती, झरखेड़ा, सातोनिया, छापरी, घाटपलासी, सिराड़ी, अहमदपुर, वनखेड़ा, बरखेड़ा हसन, मझेड़ा, चरनाल, पढिय़ाला, पान विहार, निवारिया, मित्तुखेड़ी और सुल्तानपुरा सहित आसपास के अनेक गांवों में सोयाबीन की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है.
इन किसानों की पूरी फसल मटियामेट
छतरी के प्रभावित किसानों में राम सिंह मेवाड़ा की 37 एकड़, भारती रामसिंह की 39 एकड़, फूलवती बाई रामसिंह की 16 एकड़, तोमर सिंह की 45 एकड़, कुमेर सिंह मांगीलाल, कालूराम चैन सिंह की 3 एकड़, हनुमत सिंह की 12 एकड़, सीताराम की 12 एकड़, आशीष फूल सिंह मेवाड़ा की 7 एकड़, पार्वती बाई की 5 एकड़ और जगन्नाथ की 3 एकड़ सहित बड़ी संख्या में किसानों की फसल प्रभावित हुई है.
निजी खर्च पर अनाज उपलब्ध कराएंगे विधायक राय
विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में प्राकृतिक वर्षा आपदा से पीडि़त ग्रामीणों को तत्काल मदद उपलब्ध कराने को लेकर विधायक सुदेश राय ने बाढ़ पीडि़तों को निजी खर्च पर अनाज उपलब्ध करने का फैसला किया है. विधायक राय ने सभी ग्राम पंचायत के सरपंच और जनप्रतिनिधियों प्रशासनिक अधिकारियों को अतिवृष्टि से प्रभावित ग्राम वासियों को मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंचों को अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों की सूची बनाकर उनके कार्यालय भेजने के निर्देश भी दिए हैं. बुधवार को विधायक सुदेश राय अधिकारियों के साथ गांवों में पहुंचे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों सरपंच के साथ वर्षा से प्रभावित परिवारों के सदस्यों से चर्चा की और खेतों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान को देखा. प्रशासनिक अधिकारियों को बारिश से खराब हुई सोयाबीन मक्का धान सहित फूलों फलो और सब्जियां का तत्काल पटवारी से सर्वे कराकर मुआवजा राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
कॉलोनाइजर पर एफआईआर के निर्देश
विधायक सुदेश राय ने दोराहा स्थित कॉलोनीनाइजर पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिए हैं. दोराहा से भोपाल जाने वाले हाईवे के नजदीक कॉलोनाइजर द्वारा पुलिया को बंद कर पानी निकासी को रोक दिया गया.जिससे बारिश का पानी खेतों में भर गया और सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई. जल भराव के कारण आसपास के क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालत भी बन गए. ग्रामीणों के द्वारा कॉलोनीनाइजर के द्वारा किए गए कार्य की शिकायत विधायक सुदेश राय से की गई. विधायक राय ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और कॉलोनी नाइजर पर आक्रोश व्यक्त किया. विधायक सुदेश राय तत्काल बंद पानी निकासी को खुलवाया.
