रिलायंस इंडस्ट्रीज को दूसरी तिमाही में 22,092 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ

मुंबई, (वार्ता) विविध क्षेत्रों में कारोबार करने वाली देश की अग्रणी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में समेकित आधार पर 22,092 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 14.3 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने शुक्रवार को जारी तिमाही परिणामों में बताया कि उसका कुल राजस्व इस दौरान 9.9 प्रतिशत बढ़कर 2,83,548 करोड़ रुपये पर और कर पूर्व लाभ 16.3 फीसदी बढ़कर 29,124 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी पर 30 सितंबर 2025 को 3,48,230 करोड़ रुपये का कर्ज था जबकि उसके पास नकदी और नकदी तुल्य धन 2,29,685 करोड़ रुपये था।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) का राजस्व 14.9 प्रतिशत और रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड का राजस्व 18 प्रतिशत बढ़ा।

तेल से रसायन (ओ2सी) कारोबार से राजस्व में 3.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, तेल एवं गैस खंड में राजस्व 2.6 प्रतिशत घट गया जिसकी मुख्य वजह केजीडी6 में उत्पादन में प्राकृतिक कमी बतायी गयी है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश अंबानी ने परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ओ2सी, जियो और रिटेल कारोबार के मजबूत योगदान से दूसरी तिमाही में कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया। डिजिटल सेवा कारोबार में सबस्क्राइबरों की संख्या बढ़ने के साथ विस्तार हो रहा है।

उन्होंने ओ2सी कारोबार के बारे में कहा कि ऊर्जा बाजार में तेज उतार-चढ़ाव के बावजूद कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा है।

श्री अंबानी ने हरित ऊर्जा, मीडिया और कंज्यूमर ब्रांड खंडों में कंपनी के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए इन्हें विकास के नये इंजन बताया। उन्होंने कहा कि एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) के क्षेत्र में प्रवेश करने का कंपनी का उद्देश्य उभरती हुई प्रौद्योगिकी में आगे रहना और उनका भारत तथा भारतीयों के हित में इस्तेमाल करना है।

 

Next Post

ट्रम्प और ज़ेलेंस्की ने रूस-यूक्रेन युद्ध, टॉमहॉक मिसाइलों को लेकर की चर्चा

Sat Oct 18 , 2025
वाशिंगटन, 18 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के साथ टॉमहॉक मिसाइलों की आपूर्ति और हंगरी की राष्ट्रीय राजधानी बुडापेस्ट में रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ आगामी बैठक को लेकर चर्चा की। दोनों नेताओं की मुलाकात व्हाइट हाउस के कैबिनेट कक्ष में […]

You May Like