
सुसनेर। शताब्दी वर्ष पर आगर मालवा जिले के सुसनेर में 5 अक्टूबर रविवार को विजयादशमी उत्सव पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वारा पथ संचलन निकाला गया. जिसमें स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासन के साथ घोष की धुन पर कदमताल करते हुए नजर आए. सुबह साढ़े 8 बजे नगर के मीडिल स्कूल ग्राउंड में स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण हुआ. सुबह 9 बजे प्रकट कार्यक्रम हुआ, जिसमें स्वयंसेवको ने व्यायाम योग, आसन, समता आदि का प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक भेरुलाल ओसारा ने की. कार्यक्रम को संघ के विभाग सह संर्पक प्रमुख डॉक्टर लोकेश लड्डानी ने सम्बोधित करते हुए पंच परिवर्तन यानी स्व का बोध, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुम्ब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य आदि पर पर जोर देते हुए इसके प्रति जागरूक करने व कार्य करने की बात कही. उन्होंने कहा कि संघ शताब्दी वर्ष में पूरे वर्ष गृह संर्पक अभियान, जन गोष्ठियां, हिन्दू सम्मेलन, सद्भाव बैठकें, युवा सम्मेलन, शाखा विस्तार आदि कार्यक्रम आयोजित होंगे. उन्होंने कहा कि हमारे नगर की समस्याओं और चुनौतियों का सामना करने के लिए हमें हमारे समाज को तैयार करना पड़ेगा. संघ पर 3 बार प्रतिबंध लगे उसके बाद भी आज संघ ने 100 साल पूरे कर लिए. लेकिन हम जितने मजबूत होते जा रहे हैं उनता गंभीर चिंतन और मनन करने की भी आवश्यकता है. मीडिल स्कूल से शुरू हुआ पथ संचलन पांच पुलिया, हाथी दरवाजा, शुक्रवारिया बाजार, सराफा बाजार, इतवारिया बाजार, नरबदिया, मालीपुरा, मैना रोड, आगर रोड, मंडी चौराहा, डाक बंगला रोड से महाराणा प्रताप तिराहा होते हुए पुन: मीडिल स्कूल में पहुंचा. यहां संचलन का समापन हुआ. पथ संचलन का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत भी किया. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा.
