
जबलपुर। पनागर थाना अंतर्गत आने वाले परियट स्थित एक सूने खेत में झाड़ियों के पास साड़ी में लिपटा हुआ एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। कड़कड़ाती धूप और भूख-प्यास से तड़प रहे मासूम के रोने की आवाज सुनकर जब ग्रामीणों की नजर पड़ी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। ममता को शर्मसार करने वाला मामला पुलिस तक पहुंचा इसके बाद पुलिस ने नवजात शिशु को अस्पताल भेज दिया साथ ही मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार परियट गांव के पास स्थित एक खेत से राहगीरों को किसी बच्चे के लगातार रोने और बिलखने की आवाज सुनाई दे रही थी। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो दंग रह गए। एक नवजात शिशु पुरानी साड़ी में लिपटा हुआ जमीन पर पड़ा था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पनागर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पनागर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल मासूम को अपनी सुरक्षा में लिया। पुलिस ने बिना समय गंवाए नवजात को पनागर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। यहाँ प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद, चिकित्सकों की सलाह पर शिशु को बेहतर देखरेख और गहन चिकित्सा के लिए रानी दुर्गावती चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के गांवों के स्वास्थ्य केंद्रों और आशा कार्यकर्ताओं से हाल ही में हुए प्रसव रिकॉर्ड खंगाल रही है।
