सर्वर ठप, गैस सप्लाई प्रभावित: मप्र में एलपीजी संकट से होटल और कैंटीन व्यवसाय से जुड़े लोगों की बढ़ी मुश्किल

भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने से आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और खानपान व्यवसाय भी संकट में आ गया है। गैस बुकिंग से जुड़ा ऑनलाइन सर्वर लगातार डाउन रहने के कारण प्रदेश के कई शहरों में सिलेंडर बुकिंग लगभग ठप हो गई है। इससे भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर सहित कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं।

स्थिति यह है कि कई स्थानों पर सिलेंडर की उपलब्धता कम होने से कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आने लगी हैं। खासतौर पर कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिलने से होटल-रेस्टॉरेंट संचालकों की चिंता बढ़ गई है। व्यवसायियों का कहना है कि प्रदेश के कई शहरों में पिछले चार दिनों से कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित है, जिससे अनेक होटल और रेस्टॉरेंट के पास केवल एक-दो दिन का गैस स्टॉक ही बचा है।

जानकारों के अनुसार पूरे मध्यप्रदेश में करीब 50 हजार होटल और रेस्टॉरेंट एलपीजी गैस पर निर्भर हैं। सप्लाई लंबे समय तक प्रभावित रहने पर न केवल इन व्यवसायों का संचालन प्रभावित होगा, बल्कि हजारों लोगों के रोजगार पर भी असर पड़ सकता है।

भोपाल में स्थिति इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि शहर में लगभग दो लाख छात्र ऐसे हैं जो प्रतिदिन होटल या कॉलेज कैंटीन से भोजन लेते हैं। यदि गैस आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो छात्रों के सामने भोजन व्यवस्था की समस्या खड़ी हो सकती है।

Next Post

बुकिंग एप से नहीं हो रही गैस सिलेंडर की बुकिंग, उपभोक्ता परेशान

Fri Mar 13 , 2026
परासिया। गैस सिलेंडर बुकिंग एप से बुकिंग नहीं होने और एजेंसी संचालकों के फोन बंद रहने के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी परासिया सुमित चौधरी तहसीलदार तथा थाना प्रभारी ईश्वरी पटले गैस […]

You May Like