बुकिंग एप से नहीं हो रही गैस सिलेंडर की बुकिंग, उपभोक्ता परेशान

परासिया। गैस सिलेंडर बुकिंग एप से बुकिंग नहीं होने और एजेंसी संचालकों के फोन बंद रहने के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी परासिया सुमित चौधरी तहसीलदार तथा थाना प्रभारी ईश्वरी पटले गैस एजेंसी पहुंचे और डीलर से समस्या को लेकर चर्चा की।

गैस एजेंसी के मैनेजर ने अधिकारियों को बताया कि हाल ही में सरकार द्वारा गैस सिलेंडर बुकिंग से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव किया गया है। पहले गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए 25 दिनों का अंतराल निर्धारित था, जिसे अब ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बढ़ाकर 45 दिन कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से फैली अफवाहों के कारण अचानक बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर बुकिंग करने लगे, जिससे एप पर अत्यधिक दबाव बढ़ गया है। इसी वजह से सर्वर में तकनीकी समस्या आ रही है और बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

अधिकारियों ने एजेंसी प्रबंधन को उपभोक्ताओं को सही जानकारी देने और समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए, ताकि लोगों को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रसोई गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित

अनुविभागीय अधिकारी के सभाकक्ष परासिया में अनुविभागीय अधिकारी परासिया शुभम् कुमार यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी परासिया सुमित चौधरी थाना प्रभारी परासिया ईश्वरी पटले तथा परासिया अंतर्गत समस्त गैस एजेंसियों के संचालक

कमल मदान, धर्मेंद्र डोंगरा और प्रबंधक विक्की उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान रसोई गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने गैस सिलेंडर की समय पर उपलब्धता, उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं तथा वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और गैस सिलेंडर का वितरण पारदर्शिता एवं नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए।

Next Post

मप्र में जूनियर डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ा, 1 अप्रैल 2025 से लागू होंगे नए मानदेय

Fri Mar 13 , 2026
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के निर्देशों के अनुपालन में चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जूनियर डॉक्टरों के स्टाइपेंड में वृद्धि संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं, जो 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी होंगे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने और […]

You May Like