
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस विभाग का प्रदेशस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर मजदूरों, कर्मचारियों और कमजोर वर्गों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
एक दिवसीय सम्मेलन में प्रदेशभर से विभाग के पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष शामिल हुए। कार्यक्रम में अखिल भारतीय असंगठित कर्मचारी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद उदित राज, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
सम्मेलन में असंगठित कामगारों, मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और श्रमिकों के कथित शोषण को लेकर भी नेताओं ने भाजपा सरकार को घेरा। विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।
सभा को संबोधित करते हुए उदित राज ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में असंगठित मजदूरों का शोषण बढ़ा है और कांग्रेस हमेशा कमजोर वर्गों की आवाज उठाती रही है।
उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार को “मजदूर विरोधी” बताते हुए कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक श्रमिकों के मुद्दे उठाती रहेगी।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव स्तर तक मजबूत करने और श्रमिकों की समस्याओं को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया। सम्मेलन को डॉ. संजय कामले, महेंद्र जोशी और डॉ. महेंद्र सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया।
