एंजेल वन बनी देश की दूसरी सबसे बड़ी ब्रोकरेज कंपनी, 70 लाख सक्रिय ग्राहकों के करीब पहुंची

सिर्फ अक्टूबर में एनएसई पर शुद्ध रूप से 2.43 लाख सक्रिय ग्राहक बढ़े। दूसरी तिमाही में 15 लाख नए ग्राहक जुड़े और अक्टूबर में कुल ग्राहक संख्या 4 करोड़ के पार पहुंची।

एंजेल वन लिमिटेड (NSE: ANGELONE, BSE: 543235) ने देश के स्टॉक ब्रोकिंग उद्योग में अपनी स्थिति और मजबूत करते हुए सक्रिय ग्राहकों के मामले में दूसरा स्थान हासिल किया है। एनएसई की ताजा रिपोर्ट 1C के अनुसार, कंपनी के सक्रिय ग्राहकों की संख्या 69.98 लाख पहुंच गई है। एनएसई पर सभी ब्रोकरों के कुल 4.67 करोड़ सक्रिय ग्राहकों में अब एंजेल वन की हिस्सेदारी 14.97% है।

सिर्फ अक्टूबर में एनएसई पर कंपनी के सक्रिय ग्राहकों में शुद्ध रूप से 2.43 लाख की बढ़ोतरी हुई। यह उपलब्धि देश के खुदरा निवेशकों के बीच डिजिटल निवेश और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है। साथ ही यह निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने और तकनीक आधारित समाधानों से पूंजी बाजार तक पहुंच आसान बनाने पर एंजेल वन के निरंतर फोकस को भी दिखाती है।

अक्टूबर 2026 के कारोबारी आंकड़े भी इसी रफ्तार की पुष्टि करते हैं। इस महीने कंपनी का कुल ग्राहक आधार साल-दर-साल 17.4% बढ़कर 4.06 करोड़ हो गया। इस दौरान जुड़े नए ग्राहकों की कुल संख्या नौ महीनों के उच्चतम स्तर 6.6 लाख पर पहुंच गई। ट्रेडिंग गतिविधि भी बढ़ी, और औसत दैनिक ऑर्डर महीने-दर-महीने 19.6% बढ़कर 69.7 लाख हो गए।

इस उपलब्धि के पीछे वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) के मजबूत वित्तीय नतीजे भी हैं। इस दौरान परिचालन से कंसोलिडेटेड राजस्व साल-दर-साल 18.7% बढ़कर 1,427 करोड़ रुपये हो गया, जबकि शुद्ध मुनाफा 58.2% की बढ़त के साथ 335 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ईबीडीएटी 52% बढ़कर 493 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का ईबीडीएटी मार्जिन एक साल पहले के 34.5% से बढ़कर 45.1% हो गया। क्लाइंट फंडिंग बुक से मिली ब्याज आय का कुल राजस्व में योगदान 35.6% रहा। यह कंपनी के कारोबार के ज्यादा विविध होने का संकेत है।

दूसरी तिमाही के दौरान एंजेल वन से करीब 15 लाख नए ग्राहक जुड़े, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 11.6% अधिक हैं। सितंबर के अंत तक कंपनी का कुल ग्राहक आधार 3.99 करोड़ हो गया था, जो अक्टूबर में बढ़कर 4 करोड़ के पार पहुंच गया। कंपनी के वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार का भी लगातार विस्तार हो रहा है। इस कारोबार का प्रबंधनाधीन एसेट (एयूएम) तिमाही-दर-तिमाही 19.1% और साल-दर-साल 160.5% बढ़कर 16,000 करोड़ रुपये हो गया।

सक्रिय ग्राहकों के मामले में उद्योग में दूसरा स्थान हासिल करना, कारोबार का लगातार विस्तार और मुनाफे में सुधार एंजेल वन की विकास यात्रा में एक अहम उपलब्धि है। ज्यादा से ज्यादा खुदरा निवेशकों को जोड़कर, डिजिटल पहुंच आसान बनाकर और बाजार के अलग-अलग सेगमेंट में भागीदारी बढ़ाकर कंपनी भारत के पूंजी बाजार को और गहरा करने में योगदान दे रही है।

Next Post

घुड़दौड़ प्रतियोगिता में घोड़ी की मौत

Fri Nov 13 , 2026
ग्वालियर। कुलैथ में आयोजित पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले में आज घुड़दौड़ प्रतियोगिता के दौरान एक घोड़ी अचानक जमीन पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। यह घटना ग्वालियर के कुलैथ में आयोजित पशु मेले के दौरान हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम में शामिल होकर रवाना होने […]

You May Like