लोकतंत्र की नींव को सशक्त करने का अवसर

भारत में 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बुधवार से जनगणना की प्रक्रिया का आरंभ हो गई. यह सिर्फ एक प्रशासनिक कवायद नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियादी संरचना को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है. स्वतंत्र भारत की 8 वीं और कुल 16 वीं जनगणना ऐसे समय में हो रही है, जब देश तेजी से डिजिटल परिवर्तन, सामाजिक बदलाव और आर्थिक पुनर्संरचना के दौर से गुजर रहा है. ऐसे में यह जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भारत के वर्तमान और भविष्य का दस्तावेज बनने जा रही है.

इस बार की सबसे बड़ी विशेषता इसका पूरी तरह डिजिटल होना है. ‘डिजिटल इंडिया’ के विजन को साकार करते हुए जनगणना प्रक्रिया को पेपरलेस बनाना एक ऐतिहासिक कदम है. इससे न केवल डेटा संग्रहण की गति बढ़ेगी, बल्कि पारदर्शिता और सटीकता भी सुनिश्चित होगी. 2011 की जनगणना में जहां परिणाम आने में वर्षों लग गए थे, वहीं अब तकनीक के सहारे यह प्रक्रिया कहीं अधिक तेज़ और प्रभावी होगी. हालांकि, यह भी ध्यान रखना होगा कि डिजिटल विभाजन देश के कुछ हिस्सों में अब भी मौजूद है, जिसे दूर करना प्रशासन की जिम्मेदारी होगी.

‘स्वयं-गणना’ की सुविधा इस जनगणना को और अधिक सहभागी बनाती है. नागरिकों को पहली बार अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अधिकार देना, शासन में उनकी भागीदारी को बढ़ाता है. यह पहल न केवल पारदर्शिता को बढ़ाएगी, बल्कि लोगों में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना भी विकसित करेगी. लेकिन इसके लिए डिजिटल साक्षरता और डेटा सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है, ताकि लोग बिना किसी आशंका के इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें. दरअसल,

दो चरणों में आयोजित की जा रही यह जनगणना अधिक व्यवस्थित और व्यापक होगी. पहले चरण में आवास और बुनियादी सुविधाओं का आंकलन, और दूसरे चरण में सामाजिक-आर्थिक व व्यक्तिगत विवरण का संग्रह, नीति निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा. विशेष रूप से, जाति से जुड़े संभावित आंकड़ों का संग्रह एक संवेदनशील और बहस का विषय है, जिसका उपयोग संतुलित और जिम्मेदार तरीके से किया जाना चाहिए.

सरकार द्वारा यह स्पष्ट करना कि किसी भी प्रकार के दस्तावेज़ दिखाने की आवश्यकता नहीं है, जनगणना को सहज और सर्वसमावेशी बनाता है. इससे उन वर्गों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी, जो कागजी प्रक्रियाओं के कारण अक्सर पीछे रह जाते हैं. साथ ही, बहुभाषी ऐप और व्यापक बजट प्रावधान इस बात का संकेत देते हैं कि सरकार इस अभियान को सफल बनाने के लिए गंभीर है.

यह भी ध्यान रखना होगा कि जनगणना के आंकड़े केवल वर्तमान नीतियों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि भविष्य की राजनीतिक और प्रशासनिक दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. परिसीमन की प्रक्रिया में इन आंकड़ों का उपयोग होने की संभावना इसे और अधिक संवेदनशील और महत्वपूर्ण बनाती है.

ऐसे में यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जनगणना में पूर्ण सहयोग करे. सही और सटीक जानकारी देना न केवल एक कर्तव्य है, बल्कि देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का माध्यम भी है. जनगणना के आंकड़े ही तय करते हैं कि संसाधनों का वितरण कैसे होगा, योजनाएं कहां और कैसे लागू होंगी, और किन क्षेत्रों को विशेष ध्यान की आवश्यकता है. कुल मिलाकर जनगणना केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि ‘जन-भागीदारी से जन-कल्याण’ का सशक्त उदाहरण है. यदि हर नागरिक इसमें ईमानदारी और जागरूकता के साथ भाग लेता है, तो यह अभियान भारत के उज्ज्वल और संतुलित भविष्य की मजबूत नींव रख सकता है.

 

 

Next Post

गौरीघाट से 22 भिक्षुकों को आश्रय स्थल में किया गया शिफ्ट

Thu Apr 2 , 2026
जबलपुर: शहर की स्वच्छता और सुंदरता को एक नए स्तर पर ले जाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन के द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा एक व्यापक भिक्षुक मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम का उद्देश्य केवल सड़कों से […]

You May Like