नीमच: शहर के स्टेशन रोड स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी (औषधि मंडी) में चोरों ने गुरुवार रात तीन दुकानों को निशाना बनाया। राकेश ट्रेडर्स के गल्ले से करीब 65 हजार रुपए चोरी हो गए, जबकि कौशिक इंटरप्राइजेज और ओसवाल किराना के गोदाम के ताले टूटे मिले। घटना के बाद मंडी क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता है। उन्होंने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
सुबह दुकान पहुंचे तो खुला मिला मुख्य चैनल
राकेश ट्रेडर्स के संचालक एवं पूर्व पार्षद राकेश गर्ग ने बताया कि वे गुरुवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे दुकान पहुंचे तो मुख्य चैनल खुला मिला। अंदर गल्ले और अलमारी के हैंडल टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 65 हजार रुपए गायब मिले। गर्ग ने तत्काल डायल 112 और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दी।
दो अन्य दुकानों को भी बनाया निशाना
चोरों ने पास स्थित कौशिक इंटरप्राइजेज को भी निशाना बनाने का प्रयास किया। दुकान के शटर के दो ताले टूटे मिले, जबकि तीसरा ताला नहीं टूटने से चोर अंदर प्रवेश नहीं कर सके। दुकान के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा भी डिस्कनेक्ट मिला। वहीं, ओसवाल किराना के गोदाम का ताला भी टूटा हुआ पाया गया। एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाए जाने से मंडी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
रात की गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद व्यापारियों ने मंडी क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि मंडी में बड़े पैमाने पर कारोबार और नकदी का लेन-देन होता है। ऐसे में रात के समय सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
मंडी निरीक्षक राहुल अस्थाना ने बताया कि मंडी कर्मचारी रात 10 से 12 बजे तक गश्त करते हैं। मूंगफली की आवक और अन्य व्यवस्थाओं के कारण कर्मचारियों की व्यस्तता भी रहती है। सुबह सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंच गई थी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। चोरी की वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने और चोरी गई राशि बरामद करने के लिए जांच की जा रही है
