आईटी, बैंकिंग शेयरों में लिवाली से चढ़ा शेयर बाजार

मुंबई, 10 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता को लेकर मिले सकारात्मक संकेतों के बीच बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही और निफ्टी-50 बीच कारोबार में 25 हजार अंक को छूने में कामयाब रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 323.83 अंक (0.40 प्रतिशत) उछलकर 81,425.15 अंक पर पहुंच गया जो इसका 25 अगस्त के बाद का उच्चतम स्तर है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की निफ्टी-50 सूचकांक 24,973.10 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 21 अगस्त के बाद के उच्चतम स्तर 24,973.10 अंक पर बंद हुआ।
चौतरफा लिवाली के बीच आईटी, बैंकिंग, एफएमसीजी, रियलिटी, फार्मा और तेल एवं गैस समूहों की कंपनियों में निवेशकों ने पैसा लगाया। ऑटो और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के शेयरों पर बिकवाली का दबाव रहा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकेत दिये हैं कि भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता की बाधायें जल्द दूर हो सकती हैं और अगस्त में भारतीय उत्पादों पर बढ़ाये गये आयात शुल्क में अमेरिकी कटौती कर सकता है। इससे निवेशकों में उत्साह दिखा। सेंसेक्स 403.04 अंक की तेजी के साथ 81,504.36 अंक पर खुला और पूरे दिन हरे निशान में रहा। इसका दिवस का उच्चतम स्तर 81,643.88 अंक और निचला स्तर 81,235.42 अंक रहा।
निफ्टी-50 सूचकांक भी 122.40 अंक चढ़कर 24,991 अंक पर खुला। यह ऊपर 25,035.70 अंक और नीचे 24,915.05 अंक तक गया।
मझौली और छोटी कंपनियों में अधिक तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.95 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.73 अंक चढ़ गया।
सेंसेक्स की 30 में से 19 कंपनियों के शेयर हरे निशान में रहे। बीईएल का शेयर सबसे अधिक 4.26 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 2.57 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस का 2.19 फीसदी चढ़ा। टीसीएस का शेयर 1.99 फीसदी, टेक महिंद्रा का 1.88, इंफोसिस का 1.85 और एक्सिस बैंक का 1.79 प्रतिशत चढ़ा। भारतीय स्टेट बैंक, एलएंडटी, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक और अडानी पोर्ट्स में भी तेजी रही।
नुकसान उठाने वालों में महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.47 फीसदी, मारुति सुजुकी में 1.53, टाटा मोटर्स में 0.91 और अल्ट्राटेक सीमेंट में 0.60 प्रतिशत की गिरावट रही।
एनएसई में जिन 3,128 कंपनियों के शेयरों में आज कारोबार हुआ उनमें 1,835 के शेयरों में तेजी और 1,210 में गिरावट रही। वहीं 83 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुये।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद में विदेशों में भी शेयर बाजारों में लिवाली देखी गयी। एशिया में जापान की निक्केई 0.87 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 1.01 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.13 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.14 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.18 प्रतिशत की तेजी में था।

Next Post

स्कोडा ने कारों के दाम 3.28 लाख तक घटाये

Wed Sep 10 , 2025
नयी दिल्ली, 10 सितंबर (वार्ता) वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में कटौती के बाद स्कोडा ऑटो इंडिया ने भी अपनी कारों के दाम 3.28 लाख रुपये तक घटाने की घोषणा की है। कंपनी ने बुधवार को बताया कि जीएसटी सुधार 22 सितंबर से प्रभावी होंगे और उसी दिन […]

You May Like